दिल्ली से लखनऊ आ रही फ्लाइट की लैंडिंग टली, राहुल गांधी भी थे सवार

लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 को लैंडिंग से ठीक पहले Go-Around करना पड़ा। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इसी फ्लाइट में सवार थे। पहली बार लैंडिंग के दौरान विमान का एप्रोच अनस्टेबल हो गया। इसके बाद पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लैंडिंग रोक दी और विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाया गया।
दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरा विमान
Go-Around के बाद विमान ने दोबारा लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे की ओर एप्रोच लिया। दूसरी कोशिश में AI-1717 की सुरक्षित लैंडिंग हो गई। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू के सुरक्षित होने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी भी इसी फ्लाइट से दिल्ली से लखनऊ पहुंचे।
क्या होता है Go-Around?
विमानन क्षेत्र में Go-Around एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है। जब पायलट को लगता है कि मौजूदा एप्रोच में विमान की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं है, तो वह लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाता है। इसके बाद विमान नए एप्रोच के जरिए दोबारा रनवे की ओर आता है। इसका मकसद किसी भी जोखिम से बचते हुए सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करना होता है।
दोपहर 2:20 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी फ्लाइट
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की AI-1717 फ्लाइट दिल्ली से दोपहर करीब 2:20 बजे रवाना हुई थी। इसका लखनऊ पहुंचने का निर्धारित समय करीब 3:30 बजे था। लैंडिंग के पहले प्रयास में अनस्टेबल एप्रोच के कारण विमान को Go-Around करना पड़ा। इसके बाद दूसरे प्रयास में विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।
एक दिन पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में आई थी खराबी
इससे एक दिन पहले 7 सितंबर को एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX415 में भी तकनीकी समस्या सामने आई थी। बोइंग 737 विमान कोच्चि से अबू धाबी जा रहा था। करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान के इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से कम होने की जानकारी मिली। इसके बाद पायलटों ने इंजन बंद कर विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला किया। विमान कोच्चि एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से अबू धाबी भेजा गया।




















