PlayBreaking News

टेकऑफ से पहले बिगड़ी एअर इंडिया के पायलट की तबीयत, 90 मिनट देरी से भरी उड़ान; बेंगलुरु से दिल्ली जा रही थी फ्लाइट

Follow on Google News
टेकऑफ से पहले बिगड़ी एअर इंडिया के पायलट की तबीयत, 90 मिनट देरी से भरी उड़ान; बेंगलुरु से दिल्ली जा रही थी फ्लाइट

नई दिल्ली। एअर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI2414 शुक्रवार सुबह समय पर उड़ान नहीं भर सकी। वजह यह रही कि टेकऑफ से ठीक पहले विमान के पायलट श्रीवास्तव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे एयरपोर्ट पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पायलट की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

फ्लाइट ने 90 मिनट देरी से भरी उड़ान

AI2414 फ्लाइट को सुबह 3:05 बजे रवाना होना था, लेकिन पायलट की तबीयत बिगड़ने के कारण इसमें करीब 90 मिनट की देरी हुई। फ्लाइट आखिरकार 4:52 बजे बेंगलुरु से रवाना हुई और सुबह 7:21 बजे दिल्ली पहुंची। एअर इंडिया ने यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत दूसरे पायलट की व्यवस्था की, जिससे फ्लाइट संचालन प्रभावित न हो।

एअर इंडिया बोला– “पायलट की सेहत हमारी प्राथमिकता”

एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि, “4 जुलाई की सुबह हमारी फ्लाइट AI2414 के पायलट की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमारी प्राथमिकता पायलट और उनके परिवार की सहायता करना है ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।” एयरलाइन ने बताया कि रोस्टर में बदलाव कर दूसरे पायलट ने फ्लाइट उड़ाई और यात्रियों की यात्रा पूरी कराई गई।

एअर इंडिया पर पहले भी उठे हैं सवाल

पायलट की तबीयत बिगड़ने की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एअर इंडिया पहले से ही कई हादसों और तकनीकी खामियों को लेकर सुर्खियों में है।

  • 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI171 हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें 275 लोगों की मौत हो गई थी।
  • 14 जून को दिल्ली से वियना जा रही फ्लाइट हवा में 900 मीटर तक नीचे आ गई थी, हालांकि वह सुरक्षित लैंड हो गई।
  • 9 अप्रैल को दिल्ली में एक फ्लाइट लैंडिंग के तुरंत बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारी की मौत हो गई थी।
  • इन घटनाओं के बाद DGCA ने एयरलाइन की सभी उड़ानों की सख्त निरीक्षण प्रक्रिया शुरू की है।

यात्रियों और क्रू की सुरक्षा पर फिर सवाल

लगातार सामने आ रही घटनाओं ने एअर इंडिया की ऑपरेशनल तैयारी और क्रू की सेहत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां एयरलाइन अपनी सेवा में सुधार की बात कर रही है, वहीं पायलट और स्टाफ की मेडिकल फिटनेस को लेकर भी अब सख्ती की जरूरत महसूस की जा रही है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts