CG NEWS: रायपुर में GST फर्जीवाड़े पर बड़ी कार्रवाई: कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल गिरफ्तार, 17.13 करोड़ के फर्जी ITC का आरोप

RAIPUR NEWS छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सेंट्रल GST विभाग ने फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। विभाग के अनुसार जयदीप सिंह और उनकी कंपनी मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड पर फर्जी बिलों के जरिए 17.13 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध ITC लेने का आरोप है। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: शादी का झांसा देकर महिला डॉक्टर से दुष्कर्म, कोचिंग संचालक को उम्रकैद की सजा
रायपुर में सेंट्रल GST विभाग ने
कथित GST फर्जीवाड़े के एक बड़े मामले में कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। विभाग का आरोप है कि जयदीप सिंह चंदेल और उनकी कंपनी मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने फर्जी बिलों के आधार पर करोड़ों रुपये का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) प्राप्त किया।
कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने जयदीप सिंह चंदेल को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। मामले को लेकर GST विभाग लगातार जांच और दस्तावेजों की पड़ताल कर रहा है।
जांच में सामने आया करोड़ों का फर्जी ITC
सेंट्रल GST अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने कथित रूप से फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों द्वारा जारी किए गए बिलों के आधार पर लगभग 15.14 करोड़ रुपये का अवैध ITC प्राप्त किया। इसके अलावा GST रिटर्न के विश्लेषण में करीब 1.98 करोड़ रुपये के अतिरिक्त टैक्स लाभ लेने की बात भी सामने आई है। इस तरह कुल फर्जी ITC की राशि 17.13 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
नवंबर 2025 में हुई थी सर्च कार्रवाई
विभाग को सूचना मिली थी कि कंपनी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए बिना केवल कागजी लेनदेन और फर्जी इनवॉइस के जरिए टैक्स लाभ ले रही है। इसके बाद 28 नवंबर 2025 को कंपनी के विभिन्न ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय जानकारी जब्त की गई थी।
कई फर्मों के GST रजिस्ट्रेशन रद्द
जांच में यह भी सामने आया कि जिन कंपनियों और फर्मों के माध्यम से ITC का लाभ लिया गया, उनमें से कई के GST रजिस्ट्रेशन पहले ही रद्द किए जा चुके थे। विभाग इसे सुनियोजित फर्जी बिलिंग और कर चोरी का मामला मान रहा है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: नदी पार कर नुगुर पहुंचे कलेक्टर-एसपी, सुदूर वनांचल में चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
जांच का दायरा बढ़ा
पूछताछ के दौरान जयदीप सिंह चंदेल का बयान दर्ज किया गया। दस्तावेजों के अनुसार उन्होंने DRC-03 के तहत 19.98 लाख रुपये जमा भी कराए हैं। फिलहाल सेंट्रल GST पूरे नेटवर्क, संबंधित कंपनियों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।












