दमोह में बड़ा बस हादसा: सागर मार्ग पर अनियंत्रित होकर नीचे गिरी यात्री बस, 4 लोग घायल

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह में बुधवार रात एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। कटनी से इंदौर जा रही बस शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर सागर मार्ग पर ग्राम सिहोरा के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे निचले स्थान पर जा गिरी। हादसे में तीन वयस्कों और एक बच्चे को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंच गए।
रात करीब 10 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यात्री बस क्रमांक MP 15 PA 5577 बुधवार रात करीब 10 बजे कटनी से इंदौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दमोह के पास ग्राम सिहोरा में बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक, बस में बैठे ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक बस के सड़क से नीचे उतरने के कारण यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बिजली का पोल और डीपी भी क्षतिग्रस्त
हादसे के दौरान सड़क किनारे लगा बिजली का पोल और उस पर लगी डीपी भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई। यात्रियों ने बताया कि बिजली के करंट की आशंका के कारण बस का गेट खोलने में परेशानी हुई। ऐसी स्थिति में कुछ यात्रियों ने बस के कांच तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। इस दौरान यात्रियों में डर का माहौल रहा। हालांकि, हादसे में किसी की मौत की जानकारी सामने नहीं आई है। तीन वयस्कों और एक बच्चे को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस और राहत दल ने संभाला मोर्चा
बस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी यात्रियों को बाहर निकालने और राहत कार्य में मदद की। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे से निकालने के लिए क्रेन भी मौके पर बुलाई गई। बस में यात्रियों का सामान रखा हुआ था। सामान बाहर निकालने के लिए कई यात्री इंतजार करते रहे। वहीं, शेष यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है।



















