ट्रेन में रात को मोबाइल चार्ज करना पड़ेगा भारी? रेलवे ने लागू किया सख्त नियम, जानें क्या है वजह

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात के समय मोबाइल चार्जिंग की व्यवस्था पर सख्ती बढ़ा दी है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कोचों में लगे चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जाएं। इस दौरान नियमों में किसी तरह की छूट नहीं देने को कहा गया है। यह मामला उस घटना के बाद चर्चा में आया, जिसमें मुंबई से हावड़ा जा रही ट्रेन में चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फट गया था। रेलवे अब कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय कर रहा है।
पावर बैंक फटने से मचा था हड़कंप, इसके बाद बढ़ी सख्ती
रेलवे के इस कदम के पीछे 25 अक्टूबर को हुई एक घटना को अहम वजह माना जा रहा है। मुंबई से हावड़ा जा रही मुंबई मेल में ओडिशा के बंडामुंडा के पास एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग के दौरान फट गया था। यह घटना ट्रेन के बी-3 कोच में हुई, जिसके बाद डिब्बे में धुआं फैल गया और यात्रियों में घबराहट पैदा हो गई। घटना के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति संभाली और ट्रेन ने फिर से सफर शुरू किया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं थी।
चक्रवात अर्नब का आंध्र में कहर! 150 की रफ्तार से हवाएं, ट्रेनें रद्द और कई राज्यों में अलर्ट
रेलवे कर्मचारियों की तय होगी जिम्मेदारी
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि रात के निर्धारित समय में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए। संबंधित कर्मचारियों को इस नियम की जानकारी देने के साथ जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण और समझाइश देने को भी कहा गया है। इसके अलावा, अधिकारियों और सुपरवाइजरों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन जांचों के जरिए यह देखा जाएगा कि चार्जिंग पॉइंट सही समय पर बंद हो रहे हैं या नहीं। रेलवे का जोर इस बात पर है कि कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
Delhi Liquor Booking App:अब ऑनलाइन एडवांस बुकिंग से मिलेगी शराब, पसंदीदा ब्रांड चुनें और उठाएं बोतल
पहली बार नहीं आया है यह निर्देश
ट्रेनों में रात के समय चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का नियम पहले भी सामने आ चुका है। रेलवे बोर्ड ने 2014 में भी इस संबंध में निर्देश दिए थे। इसके बाद 2021 में भी रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग सुविधा बंद रखने के नियम पर दोबारा जोर दिया गया था। अब हाल की घटना के बाद रेलवे ने इसके पालन को लेकर फिर सख्ती दिखाई है।




















