167 साल पुरानी Riemann Hypothesis सुलझाने का दावा, गणितज्ञ ने Claude AI की मदद से खोजा प्रमाण

न्यूयॉर्क। गणित की दुनिया में पिछले 167 वर्षों से रीमैन हाइपोथिसिस (Riemann Hypothesis) सबसे चर्चित और कठिन अनसुलझी समस्याओं में शामिल रही है। दुनिया के कई प्रतिष्ठित गणितज्ञों ने इस पहेली का हल खोजने में अपना जीवन समर्पित कर दिया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली। एक समय ऐसा भी माना जाने लगा था कि उपलब्ध गणितीय तरीकों से इसका समाधान निकालना बेहद मुश्किल है। लेकिन, अब गणितज्ञ लेवेंट अल्पगे ने इस ऐतिहासिक समस्या को हल करने का दावा किया है। उनका कहना है कि इस काम में उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल Claude की मदद मिली। यदि उनका दावा सही साबित होता है, तो यह गणित के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हो सकती है। इससे करीब एक महीने पहले OpenAI के एक मॉडल ने मिलेनियम प्राइज प्रॉब्लम्स में शामिल नेवियर-स्टोक्स (Navier-Stokes) समस्या को सुलझाने की दिशा में प्रगति की थी।
क्ले इंस्टीट्यूट ने नहीं दी आधिकारिक मान्यता
रीमैन हाइपोथिसिस के समाधान को लेकर लेवेंट अल्पगे का दावा चर्चा में है। Claude AI की सहायता से तैयार किए गए प्रमाण की जांच भी हो रही है। लेकिन क्ले मैथमेटिक्स इंस्टीट्यूट ने अभी तक इस समाधान को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है। इसका मतलब है कि 167 साल पुरानी इस गणितीय पहेली के हल होने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। विशेषज्ञों की विस्तृत जांच और आधिकारिक मान्यता के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि रीमैन हाइपोथिसिस वास्तव में सुलझ गई है या नहीं। क्ले इंस्टीट्यूट गणित के प्रसार के लिए काम करने वाली नॉन प्रॉफिट प्रतिष्ठित संस्था है।
Claude AI के साथ तैयार किया रीमैन हाइपोथिसिस का प्रमाण
गणितज्ञ लेवेंट अल्पगे ने अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित बयान में कहा कि Claude के साथ मिलकर काम करने के दौरान उन्हें रीमैन हाइपोथिसिस का संभावित प्रमाण मिला है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से वह AI मॉडल के साथ इस समस्या पर काम कर रहे थे। इस दौरान Claude ने उनकी उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया और कई ऐसे कदम उठाए, जिन्होंने उन्हें हैरान कर दिया। अल्पगे के अनुसार, शुरुआत में उन्होंने AI मॉडल को सही दिशा और जरूरी संकेत दिए थे। लेकिन कुछ समय बाद Claude ने खुद ऐसे परिणाम सामने रखने शुरू कर दिए, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि एक समय ऐसा आया जब Claude की क्षमताओं ने उन्हें पूरी तरह आश्चर्यचकित कर दिया।
Riemann Hypothesis क्या है
रीमैन हाइपोथिसिस को पहली बार 1859 में जर्मन गणितज्ञ बर्नहार्ड रीमैन ने प्रस्तुत किया था। यह गणितीय परिकल्पना मुख्य रूप से अभाज्य संख्याओं (Prime Numbers) के वितरण से संबंधित है। Prime Numbers वे होती हैं, जिन्हें केवल 1 और स्वयं उसी संख्या से पूरी तरह विभाजित किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर 2, 3, 5 और 7 अभाज्य संख्याएं हैं। संख्या रेखा पर इनका क्रम देखने में अनियमित लग सकता है, लेकिन गणितज्ञों का मानना है कि इनके पीछे एक खास गणितीय व्यवस्था मौजूद है। रीमैन हाइपोथिसिस इसी व्यवस्था को समझने से जुड़ी है। इसके अनुसार, अभाज्य संख्याओं के वितरण का संबंध रीमैन जेटा फंक्शन (Riemann Zeta Function) के शून्यों यानी Zeroes से है। यदि इस परिकल्पना को सही तरीके से सिद्ध कर दिया जाता है, तो गणित के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही, अभाज्य संख्याओं के वितरण से जुड़े कई सवालों के जवाब भी मिल सकते हैं।
रीमैन हाइपोथिसिस मिलेनियम प्राइज की सात बड़ी समस्याओं में शामिल
रीमैन हाइपोथिसिस को क्ले मैथमेटिक्स इंस्टीट्यूट (Clay Mathematics Institute) की ओर से घोषित सात मिलेनियम प्राइज प्रॉब्लम्स में जगह दी गई है। इन सात समस्याओं में से प्रत्येक का सही समाधान प्रस्तुत करने पर 1 मिलियन डॉलर का पुरस्कार निर्धारित है। हालांकि, इनाम पाने के लिए समाधान को संस्थान की तय शर्तों और जांच प्रक्रिया पर खरा उतरना जरूरी है। अब तक इन सात समस्याओं में से केवल एक, पॉइनकेयर अनुमान (Poincaré Conjecture) को आधिकारिक तौर पर हल किया हुआ माना गया है।
जानें सॉल्यूशन पर क्या कहा गणितज्ञों ने
लेवेंट अल्पगे के दावे को लेकर गणितीय समुदाय में दिलचस्पी जरूर है, लेकिन अभी इसे अंतिम रूप से प्रमाणित समाधान नहीं माना जा सकता। अल्पगे ने अपने गणितीय प्रमाण को Lean नाम की प्रोग्रामिंग भाषा में तैयार किया है। इसका इस्तेमाल गणितीय तर्कों और प्रमाणों की चरणबद्ध जांच करने के लिए किया जाता है। MIT के गणितज्ञ एंड्रयू सदरलैंड समेत कई स्वतंत्र शोधकर्ताओं ने भी Lean में इस प्रमाण को तैयार किया है। उनके अनुसार, जांच के दौरान उन्हें इसमें कोई समस्या नजर नहीं आई। हालांकि, केवल कोड का सफलतापूर्वक काम करना इस बात की पूरी गारंटी नहीं है कि गणितीय समस्या का सही समाधान मिल गया है।
AI की गणितीय क्षमता में तेजी से हुआ सुधार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की गणितीय समस्याओं को हल करने की क्षमता में पिछले कुछ वर्षों के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 2023 में AI मॉडल चार अंकों वाली सामान्य जोड़ करने में भी गलतियां कर रहे थे। इसके एक साल बाद भी हाई-स्कूल स्तर की गणितीय प्रतियोगिताओं के सवाल उनके लिए चुनौती बने हुए थे। हालांकि, 2025 में तस्वीर बदल गई। AI मॉडल ने इंटरनेशनल मैथमेटिकल ओलंपियाड (International Mathematical Olympiad) में गोल्ड मेडल जीतने की क्षमता प्रदर्शित की। इस साल की शुरुआत में AI ने गणित की ऐसी समस्याओं पर काम करना शुरू किया, जिनका समाधान अब तक नहीं मिल पाया था।




















