भोपाल-जोधपुर समेत 4 ट्रेनों का बदला रूट, 7 दिसंबर तक कोटा स्टेशन पर नहीं होगा ठहराव

भोपाल। राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते मध्यप्रदेश से गुजरने वाली चार ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य के लिए लिया गया 15 दिन का ब्लॉक 7 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके कारण भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है। इस दौरान इन ट्रेनों का कोटा स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर निर्माण के कारण बदला रूट
रेलवे के अनुसार कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पुनर्विकास और निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए प्लेटफॉर्म को रेल परिचालन के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में प्रभावित ट्रेनों को सोगरिया-चम्बल केबिन-गुरला के रास्ते संचालित किया जा रहा है। भोपाल मंडल से संबंधित दो ट्रेनों सहित कुल चार ट्रेनें निर्धारित अवधि तक परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।
इन चार ट्रेनों का बदला रहेगा मार्ग और समय
1. 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस
यह ट्रेन 7 दिसंबर 2026 तक सोगरिया-चम्बल केबिन-गुरला होकर संचालित होगी। सोगरिया स्टेशन पर रात 2:10 बजे पहुंचेगी और 2:20 बजे रवाना होगी।
2. 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस
यह ट्रेन 7 दिसंबर 2026 तक गुरला-चम्बल केबिन-सोगरिया होकर चलेगी। सोगरिया स्टेशन पर रात 11:30 बजे पहुंचेगी और 11:40 बजे रवाना होगी।
3. 12181 जबलपुर-अजमेर एक्सप्रेस
यह ट्रेन 6 दिसंबर 2026 तक सोगरिया-चम्बल केबिन-गुरला होकर संचालित होगी। सोगरिया स्टेशन पर सुबह 6:35 बजे पहुंचेगी और 6:45 बजे रवाना होगी।
4. 12182 अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस
यह ट्रेन 7 दिसंबर 2026 तक गुरला-चम्बल केबिन-सोगरिया होकर चलेगी। सोगरिया स्टेशन पर रात 9:50 बजे पहुंचेगी और 10 बजे रवाना होगी।
यात्रा से पहले ट्रेन का रूट और स्टॉपेज जांच लें
कोटा स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते चारों ट्रेनों का वहां ठहराव नहीं होगा। यात्रियों को सोगरिया स्टेशन से अस्थायी रूप से चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी। ऐसे में यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के बदले हुए मार्ग और सोगरिया स्टेशन पर निर्धारित समय की जानकारी जरूर जांच लें।




















