Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के फर्जी वीडियो पर घिरे मप्र के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, क्राइम ब्रांच भेजेगी नोटिस; होगी पूछताछ

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा से पूछताछ करेगी। पुलिस उन्हें नोटिस जारी करने की तैयारी में है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल की शिकायत और संतोष वर्मा की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस मूल और वायरल वीडियो का परीक्षण कर यह पता लगाएगी कि वीडियो कहां से मिला।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के फर्जी वीडियो पर घिरे  मप्र के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, क्राइम ब्रांच भेजेगी नोटिस; होगी पूछताछ
नितिन नवीन और पीसी शर्मा

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। भोपाल क्राइम ब्रांच ने इस मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए अब पीसी शर्मा से पूछताछ करने का फैसला किया है। पुलिस उन्हें नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाएगी। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ किसने की और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के पीछे क्या आधार था।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल की शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस 

इस मामले में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने 24 नवंबर को क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी। प्रतिनिधिमंडल ने पीसी शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पिपलानी निवासी संतोष वर्मा ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है और इसे पीसी शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी साझा किया है।

मूल वीडियो से छेड़छाड़ कर तैयार करने का आरोप 

शिकायतकर्ता ने पुलिस को नितिन नवीन का मूल वीडियो भी उपलब्ध कराया है। आरोप है कि मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर दूसरा वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इस वीडियो के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं। अब पुलिस मूल वीडियो और वायरल वीडियो का तकनीकी परीक्षण कराएगी, ताकि दोनों के बीच अंतर और कथित छेड़छाड़ की वास्तविकता सामने आ सके।

Featured News

चंडीगढ़ के कार्यक्रम से जुड़ा है वायरल वीडियो 

वायरल वीडियो में नितिन नवीन चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि पाकिस्तान के मंत्री डेलीगेट्स के रूप में भारत आ रहे हैं और यह निर्णय भारत ने चीन के दबाव में लिया है। पुलिस अब इस वीडियो की प्रामाणिकता की जांच करेगी। पीसी शर्मा से पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश होगी कि उन्हें यह वीडियो कहां से मिला, इसे साझा करने से पहले उन्होंने इसकी सत्यता की जांच की थी या नहीं और इसे पोस्ट करने का आधार क्या था।

ये भी पढ़ें: CJP के प्रदर्शन पर नितिन नवीन का तीखा हमला, देश में खतरनाक स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहा विपक्ष

पीसी शर्मा की सफाई-मैंने वीडियो नहीं बनाया, पहले से सोशल मीडिया पर वायरल

इस संबंध में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि-समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से संबंधित एक वीडियो मेरे फेसबुक पेज से साझा किया गया है। उक्त वीडियो पहले से ही विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं अनेक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रसारित हो रहा है। उन्होंने  कहा कि स्पष्ट करना चाहता हूं कि उक्त वीडियो का निर्माण मेरे द्वारा नहीं किया गया है। मैंने केवल सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो को साझा किया था। अतः बिना तथ्यों की निष्पक्ष जाँच किए मेरे विरुद्ध किसी प्रकार की आपराधिक कार्रवाई किया जाना उचित नहीं है।

क्राइम ब्रांच वीडियो के मूल स्रोत की जांच करे

शर्मा ने कहा कि क्राइम ब्रांच से आग्रह है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे तथा वीडियो के मूल स्रोत, निर्माणकर्ता और विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट्स पर उसके प्रसार की भी जांच की जाए। केवल वीडियो साझा किए जाने के आधार पर किसी व्यक्ति को अपराधी मान लेना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने  कहा कि मेरा आग्रह है कि क्राइम ब्रांच इस तथ्य पर गंभीरता से ध्यान दे और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे। 

ये भी पढ़ें: ताजपोशी की तैयारी : BJP को 19 जनवरी को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नवीन के प्रस्तावक होंगे PM Modi  

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts