सीहोर में लईक कुरैशी हत्याकांड पर आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन धरने पर बैठे; बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग

सीहोर। एसपी निवास के नजदीक दिनदहाड़े हुए लईक कुरैशी हत्याकांड को लेकर शहर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से नाराज मृतक के परिजन और अन्य लोग धरने पर बैठ गए। परिजनों ने सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं नागरिकों ने भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इधर पुलिस का दावा है कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार चार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घर के पास धरने पर बैठा परिवार, गिरफ्तारी तक आंदोलन का ऐलान
मंडी थाना क्षेत्र में मस्जिद और माता मंदिर के पास हुए इस हत्याकांड के बाद गुरुवार को मृतक लईक कुरैशी के परिजन उसके घर के पास धरने पर बैठ गए। मृतक के पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। धरने में परिवार के सदस्यों के साथ अन्य लोग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उन्हें न्याय मिलने का भरोसा नहीं होगा। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।
एसपी को ज्ञापन, बुलडोजर कार्रवाई की मांग ने पकड़ा जोर
हत्याकांड को लेकर नागरिकों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दिनदहाड़े एसपी निवास के नजदीक हुई हत्या ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में आरोपियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे अपराधियों में कानून का खौफ पैदा हो।
पांच नामजद आरोपियों में एक गिरफ्तार, चार की तलाश
गौरतलब है कि बुधवार को मंडी थाना क्षेत्र में एसपी निवास मार्ग के नजदीक मस्जिद और माता मंदिर के पास 45 वर्षीय लईक कुरैशी पर हमला किया गया था। परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने उसे घेरकर मारपीट की और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर हालत में लईक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने सलीम, अजीज, नौशाद, हाशिम और अयान पर हत्या में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से अजीज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सलीम, नौशाद, हाशिम और अयान अब भी फरार हैं। वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश देती रहीं लेकिन शेष आरोपियों का पता नहीं चल सका।
पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप, मकान और रास्ते को लेकर थी रंजिश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मकान निर्माण और रास्ते में गेट निकालने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बुधवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस इस विवाद और हमले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
सीहोर में चाकू मारकर शख्स की हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
सीएसपी बोलीं- पहले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल कार्रवाई में जुट गई थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष एसपी बंगले के पास ही रहते हैं और पुराने आपसी विवाद के चलते वारदात हुई। आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आगे की प्रक्रिया है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना है। अब इस पूरे मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार करना है। दूसरी ओर, धरने और ज्ञापन के जरिए परिजनों तथा नागरिकों ने साफ कर दिया है कि वे इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई चाहते हैं।




















