Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

साइबर ठगी के पीड़ितों को रकम लौटाने में देरी पर बैंकों की तय होगी जवाबदेही, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

मध्यप्रदेश में साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि लौटाने में देरी और बिना उचित आधार बैंक खाते फ्रीज करने पर बैंकों की जवाबदेही तय होगी। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। अब तक 7.9 करोड़ रुपए वापस कराए गए हैं।
साइबर ठगी के पीड़ितों को रकम लौटाने में देरी पर बैंकों की तय होगी जवाबदेही, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
साइबर ठगी के पीड़ितों को रकम लौटाने में देरी पर बैंकों की तय होगी जवाबदेही

भोपाल। साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि लौटाने में अनावश्यक देरी करने और बिना उचित आधार बैंक खाते फ्रीज करने वाले बैंकों की जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बैंकों को निर्देश दिए हैं कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें और पीड़ितों को उनकी राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया में देरी न करें। निर्धारित समय में शिकायतों का निराकरण नहीं करने और लापरवाही बरतने वाले बैंक अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

साइबर ठगी के पीड़ितों को अब तक 7.9 करोड़ रुपए वापस

मुख्य सचिव ने मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) और शिकायत निवारण मॉड्यूल (GRM) पोर्टल की प्रगति और प्रदेशभर में इनके क्रियान्वयन की समीक्षा की। दोनों पोर्टल अप्रैल 2026 में शुरू किए गए थे। इनके माध्यम से अब तक साइबर ठगी के पीड़ितों को 7.9 करोड़ रुपए वापस कराए जा चुके हैं। वहीं GRM पोर्टल पर अब तक 3,200 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 800 का निराकरण किया जा चुका है। इस पोर्टल पर मुख्य रूप से उन लोगों की शिकायतें दर्ज होती हैं जिनकी राशि बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है या जिनके खातों पर की गई कार्रवाई को लेकर आपत्ति है।

इंदौर के मामले में गलत तरीके से रोकी गई राशि

समीक्षा बैठक में इंदौर के एक मामले में खाताधारक की राशि गलत तरीके से रोकने और शिकायत का निराकरण नहीं करने का मामला सामने आया। मुख्य सचिव ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक खातों पर किसी भी तरह की कार्रवाई करने से पहले तथ्यों का परीक्षण किया जाए और नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जाए। बिना उचित आधार खाते फ्रीज करने या राशि रोकने से आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

Featured News

साइबर ठगी की रकम तत्काल होल्ड करने के निर्देश

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) अंशुमान यादव ने बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि साइबर ठगी की सूचना मिलने पर संबंधित राशि तत्काल होल्ड की जाए ताकि पीड़ितों को रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा सके। इसके साथ ही बैंक खातों पर की गई कार्रवाई के खिलाफ मिलने वाली शिकायतों का भी तय समयसीमा में निराकरण किया जाए।

इंदौर में म्यूल अकाउंट का बड़ा खेल! युवती के खाते में मिला करोड़ों की ठगी का पैसा, FIR दर्ज

लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करेंगे पुलिस अधीक्षक

राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बैठकें करने के निर्देश दिए हैं। इन बैठकों में MRM और GRM पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। इसका उद्देश्य साइबर ठगी के पीड़ितों को जल्द राहत दिलाना और बैंक खातों को लेकर होने वाली अनुचित कार्रवाई पर रोक लगाना है।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts