Ahmedabad Plane Crash : चमत्कार... मौत के साये से बच निकले रमेश विश्वाश कुमार, बोले- जब होश आया, चारों ओर लाशें ही लाशें थीं

Follow on Google News
Ahmedabad Plane Crash : चमत्कार... मौत के साये से बच निकले रमेश विश्वाश कुमार, बोले- जब होश आया, चारों ओर लाशें ही लाशें थीं
अहमदाबाद। गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान दोपहर 1:39 बजे लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद एयरपोर्ट से सटे एक रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया। इस भीषण हादसे में 12 क्रू मेंबर समेत 242 यात्रियों में से सिर्फ एक यात्री ही जिंदा बच पाया है, वो भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हैं। बाकी सभी लोगों की मौत हो गई है।

चमत्कारी रूप से बचे रमेश कुमार, बोले- उठा तो शवों से घिरा था

40 वर्षीय रमेश विश्वास कुमार इस हादसे में चमत्कारी रूप से जिंदा बचे हैं। उन्हें सीट नंबर 11A पर बैठे हुए पाया गया। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक ने जानकारी दी कि घायल रमेश को अहमदाबाद के असरवा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रमेश ने बताया, “टेकऑफ के तीस सेकंड बाद जोरदार धमाका हुआ और विमान नीचे गिर गया। जब होश आया, तो चारों तरफ लाशें और विमान के जले हुए टुकड़े बिखरे थे। डर के मारे मैं खड़ा हुआ और भागा, तभी किसी ने मुझे पकड़कर एंबुलेंस में डाला और अस्पताल पहुंचाया।”

हादसे में भाई लापता, रमेश की अपील- कृपया मेरे भाई को खोजें

रमेश कुमार के साथ उनके 45 वर्षीय भाई अजय कुमार रमेश भी विमान में सवार थे। रमेश ने बताया कि दोनों अलग-अलग पंक्तियों में बैठे थे और अब वह अपने भाई को नहीं ढूंढ पा रहे हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, मैं दीव से अपने भाई के साथ यूके लौट रहा था। अब वह लापता हैं। कृपया उन्हें खोजने में मेरी मदद करें। रमेश पिछले 20 साल से लंदन में रह रहे हैं, जहां उनकी पत्नी और बच्चा भी रहते हैं।

विमान में 242 लोग थे सवार

एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि विमान में 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। इसमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक भी सवार थे। हादसे में अब तक केवल एक यात्री के जिंदा बचने की जानकारी सामने आई है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts