उत्तराखंड में हादसा : अलकनंदा नदी में गिरी ट्रैवलर, धार जिले के तीन लोग लापता, मासूम की मौत

Follow on Google News
उत्तराखंड में हादसा : अलकनंदा नदी में गिरी ट्रैवलर, धार जिले के तीन लोग लापता, मासूम की मौत

धार/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक बड़ा हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर वाहन अलकनंदा नदी में गिर गई। यह हादसा बद्रीनाथ हाईवे के घोलतीर क्षेत्र में हुआ। ट्रैवलर में मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के कुल 20 यात्री सवार थे, जो केदारनाथ दर्शन के बाद बद्रीनाथ जा रहे थे।

हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें मध्यप्रदेश के धार जिले के सरदारपुर के राजगढ़ निवासी 10 वर्षीय मासूम पार्थ सोनी भी शामिल है। वहीं, 8 लोग घायल हुए हैं और 9 अन्य यात्री अभी भी लापता हैं।

तेज बहाव बना रेस्क्यू में बाधा

अलकनंदा नदी में पानी के तेज बहाव के चलते बचाव और राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है। घटनास्थल से करीब 40 किलोमीटर दूर श्रीनगर, गढ़वाल में एसडीआरएफ की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। माना जा रहा है कि नदी के तेज बहाव में बहकर कुछ यात्री काफी दूर तक चले गए होंगे।

धार के दो और लोग लापता

धार जिले के राजगढ़ निवासी विशाल सोनी (42) और गौरी सोनी (41) इस हादसे के बाद से लापता हैं। धार जिला प्रशासन ने मीडिया रिपोर्ट के आधार पर मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है और मृतकों तथा लापता लोगों की पहचान की पुष्टि की जा रही है।

उत्तराखंड आपदा प्रबंधन का बयान

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने हादसे को लेकर जानकारी दी कि हम 8 यात्रियों को सुरक्षित निकाल चुके हैं। 3 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, बाकी लापता यात्रियों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है।

परिवारों में पसरा मातम, प्रशासन सतर्क

हादसे की खबर मिलते ही धार जिले के राजगढ़ में शोक की लहर है। मासूम पार्थ की मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला प्रशासन ने कहा कि उत्तराखंड प्रशासन से समन्वय बनाकर सभी जरूरी मदद की जा रही है।

कब और कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा बुधवार को तब हुआ जब यात्रियों से भरी ट्रैवलर गाड़ी, जो केदारनाथ से बद्रीनाथ की ओर जा रही थी, बद्रीनाथ हाईवे पर अनियंत्रित होकर सीधे अलकनंदा नदी में गिर गई। वर्तमान में SDRF, NDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts