पंजाब से राज्यसभा जाएंगे केजरीवाल? AAP नेताओं का स्पष्टीकरण, कहा- पार्टी के विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार को पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की अटकलों को खारिज कर दिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि केजरीवाल पर पूरे देश में पार्टी के विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी है और वह राज्यसभा सदस्य नहीं बनेंगे। पंजाब से राज्यसभा के वर्तमान सदस्य संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद यह अटकलें तेज हुई थीं।
केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे : सोमनाथ भारती
वरिष्ठ आप नेता सोमनाथ भारती ने मीडिया से कहा, “केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे क्योंकि उन पर देशभर में पार्टी विस्तार की जिम्मेदारी है और वह उसी पर काम कर रहे हैं।” आम आदमी पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भी स्पष्ट किया कि अरोड़ा लुधियाना पश्चिम सीट के लिए सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा, “मीडिया में चल रही खबरें कि केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जाएंगे, पूरी तरह गलत हैं। पहले कहा गया कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे और अब राज्यसभा की अटकलें लगाई जा रही हैं। दोनों ही बातें बेबुनियाद हैं।”












