जयपुर में हादसा :नमाज के वक्त मस्जिद की दीवार गिरी, 15 नमाजी दबे

जयपुर की फिरदौस मस्जिद की एक दीवार शुक्रवार दोपहर नमाज के दौरान गिर गई। दीवार गिरने से 15 लोग मलबे में दब गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सभी को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया।
Follow on Google News
नमाज के वक्त मस्जिद की दीवार गिरी, 15 नमाजी दबे
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके से शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां फिरदौस मस्जिद में नमाज के दौरान अचानक एक पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। उस समय मस्जिद परिसर और उसके आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। देखते ही देखते दीवार के मलबे में 15 युवक और महिलाएं दब गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया क्या हुआ

    मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक यह हादसा करीब दोपहर 2:30 बजे हुआ। उस समय बड़ी संख्या में अकीदतमंद नमाज अदा कर रहे थे। नमाज पढ़ने के बाद जैसे ही लोग बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। दीवार के पास खड़े कुछ बच्चे और महिलाएं संभल भी नहीं पाए और दीवार का बड़ा हिस्सा उन पर आ गिरा। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी।

    स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

    घटना की सूचना मिलते ही भट्टा बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय निवासियों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में दबे सभी 15 लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज शुरू किया।

     6 गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल भेजा

    डॉक्टरों के मुताबिक घायलों में से छह लोगों की हालत काफी गंभीर पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों में रुस्तम, ईशान, खुर्शीद, सुहैल, इमाम जफर और इकबाल के नाम शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

    अस्पताल प्रशासन ने दी घायलों की जानकारी

    कांवटिया अस्पताल में कुल 15 घायल ले जाए गए थे। इनमें से छह मरीजों को सिर में चोट और कई जगह फ्रैक्चर होने के कारण एसएमएस अस्पताल भेजा गया। एक अन्य घायल के सिर पर गहरा घाव था, जिसे टांके लगाए गए। आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मस्जिद के क्षतिग्रस्त हिस्से को घेर लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीवार काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि नमाज के दौरान भीड़ के दबाव या किसी तकनीकी वजह से दीवार अचानक गिर गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।  

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts