Sehore News : नमकीन फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 50 लाख का नुकसान, तीन दमकलों ने पाया आग पर काबू; गोदाम में रखा सामान जलकर खाक

सीहोर। शहर के देवनगर कॉलोनी में शनिवार सुबह एक नमकीन कारखाने (फैक्ट्री) में भीषण आग लग गई। आगजनी में नमकीन कारखाने के साथ एक किराना दुकान भी जलकर राख हो गई। आगजनी में दूसरी मंजिल पर निवास करने वाले लोगों ने भी घर से निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची तीन फायर बिग्रेड के फायरमैनों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। आगजनी में करीब 50 लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
आगजनी में नमकीन कारखाने के पास बनी एक किराना दुकान भी जलकर राख हो गई। वहीं दूसरी मंजिल पर निवास करने वाले मकान मालिक देवनारायण के परिवार के लोगों ने मकान से निकल कर अपनी जान बचाई। आगजनी की सूचना पर पटवारी और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
नमकीन कारखाने के मालिक राकेश राय ने बताया आग लगने से 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हो गया। कारखाने में दीपावली की तैयारी को लेकर कच्चा माल के अलावा तैयार माल भी रखा हुआ था। आगजनी में उनका काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे तक कारखाने में काम होता रहा था। सुबह अचानक 5 बजे मकान मालिक देवनारायण का फोन आया कि कारखाने में आग लग गई। इसकी सूचना भी फायर बिग्रेड को दी गई थी, लेकिन फायर बिग्रेड सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची। समय पर फायर बिग्रेड पहुंच जाती तो आगजनी का बड़ी घटना टल सकती थी। आग संभवत: शार्ट सर्किट से लगी होगी।



किराना दुकान भी जलकर राख
दीपावली के चलते रखा हुआ था कच्चा और तैयार माल

















