रायसेन :सात दिन से लापता युवक का शव नदी में दफन मिला, हत्या की आशंका
गैरतगंज। रायसेन जिले के गैरतगंज नगर से सात दिन पहले लापता हुए युवक का शव सोमवार को परासिया गांव के पास नदी में दफन अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी में गड्ढा खोदकर दफना दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, बाजार चौक निवासी विजय जैन (48 वर्ष), पिता स्व. ताराचंद जैन 7 जुलाई की शाम से अचानक लापता थे। उनका मोबाइल बंद था और घर पर भी ताला लगा मिला। परिजनों एवं परिचितों ने रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
परासिया गांव के पास नदी किनारे मिला शव
लगातार सात दिनों तक चली तलाश के बाद सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि गैरतगंज से लगभग सात किलोमीटर दूर परासिया गांव के पास नदी किनारे एक शव दफन है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव बाहर निकाला। शव पर वही कपड़े मिले जो विजय जैन के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए थे। इसके अलावा उनकी एक आंख कृत्रिम (आर्टिफिशियल) होने से पहचान की पुष्टि हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक, एसडीओपी सोनाली गया, थाना प्रभारी डीपी लोहिया सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड एवं वज्र वाहन भी गैरतगंज बुलाया गया। देर शाम शव को निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शव मिलने की खबर से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: गुमशुदा बेटी को तलाशने का झांसा देकर ठगी: पुलिस अधिकारी बनकर पैसे ऐंठने वाले दो ठग गिरफ्तार
बकरी चराने वाले की सतर्कता से खुला राज
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक बकरी चराने वाला व्यक्ति नदी किनारे पहुंचा। उसने देखा कि कई कुत्ते एक स्थान पर भौंक रहे हैं। पास जाकर देखने पर जमीन से बाहर निकला एक पैर दिखाई दिया, जिसे कुत्ते नोच रहे थे। उसने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कर शव बरामद किया।
गला रेतकर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में शव का चेहरा काफी हद तक गल चुका था और एक पैर कुत्तों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। शुरुआती आशंका है कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई और बाद में शव को नदी में गहराई से दफना दिया गया, ताकि बारिश के दौरान नदी में पानी भरने पर घटना का पता न चल सके। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
संपन्न परिवार से था मृतक
विजय जैन नगर के प्रतिष्ठित एवं संपन्न जैन परिवार से थे। वर्ष 2013 में उनके घर पर हुई चर्चित डकैती में तीन करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी हुई थी। उनके पिता स्व. ताराचंद जैन ब्याज पर बड़ी रकम का लेन-देन करते थे। पिता के निधन के बाद विजय ही लेन-देन की देखरेख कर रहे थे। अविवाहित विजय की इस तरह हत्या होने से नगर में शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस विषय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान हुई है। पुलिस पड़ताल कर रही है, जल्द ही निष्कर्ष मिलेंगे।
















