Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा में 10 दिन की बेटी की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 500 रुपए का जुर्माना

हरदा में 10 दिन की बच्ची की गला दबाकर हत्या करने के मामले में मां पूजा को उम्रकैद हुई। पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने फैसला सुनाया।
हरदा में 10 दिन की बेटी की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 500 रुपए का जुर्माना
जिला कोर्ट हरदा

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिले में 10 दिन की बच्ची की हत्या के मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। जिला कोर्ट के द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश ने आरोपी मां पूजा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 500 रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा कि इस तरह के गंभीर अपराध में आरोपी के प्रति सहानुभूति रखना उचित नहीं है। अतिरिक्त लोक अभियोजक विपिन सोनकर ने फैसले की जानकारी दी।

प्रेम विवाह के बाद पति से हुआ विवाद

अतिरिक्त लोक अभियोजक विपिन सोनकर के मुताबिक, घटना टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम सोहागपुर की है। पूजा ने ग्राम सोडलपुर निवासी संजू बंजारे से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद उसने टिमरनी के सरकारी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। बच्ची का नाम संध्या रखा गया था।

15 फरवरी 2023 को पूजा अपनी बेटी को ससुराल में छोड़कर मायके सोहागपुर आ गई। उसने परिजनों को बताया कि पति संजू ने उसके साथ मारपीट की है। इसी वजह से वह बेटी और ससुराल वालों को छोड़कर आई है।

बच्ची को लेकर मायके पहुंची थी पूजा

कुछ समय बाद पूजा पेट दर्द का इलाज कराने हरदा गई। इस दौरान उसकी बहन और दामाद भी साथ थे। हरदा से लौटते समय उसकी गोद में बेटी संध्या थी। उसने मायके वालों को बताया कि उसकी सास बच्ची को उसके पास छोड़ गई है।

मायके पहुंचने के बाद पूजा ने अपनी मां क्षमा बाई से कहा कि वह बेटी को अपने पास नहीं रखना चाहती। परिजनों ने उसे समझाया। इसके बाद उसने बच्ची को दूध पिलाया और परिवार के सभी लोग सो गए।

भाभी के सामने कबूल की हत्या

अगले दिन दोपहर में पूजा अपनी भाभी संगीता कोरकू के साथ शौच के लिए गई। इसी दौरान उसने भाभी के सामने बच्ची की हत्या करने की बात कबूल कर ली।

पूजा ने बताया कि उसने अपनी 10 दिन की बेटी संध्या का गला दबाकर हत्या कर दी है। उसने यह भी कहा कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती। वह अपने समाज के दूसरे युवक के साथ रहना चाहती है।

इसके बाद पूजा की भाभी संगीता कोरकू ने टिमरनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआत में मायके पक्ष के लोगों को बच्ची की हत्या में उसके पिता संजू बंजारे पर शक था।

CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज

टिमरनी थाने के तत्कालीन टीआई सुशील पटेल के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में घटना के समय संजू बंजारे मौके पर मौजूद नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने जांच को भटकाने के लिए शरीर में आत्मा आने का नाटक किया। वह आत्मा की आवाज में बोलती रही कि उसने बच्ची का खून पिया है। वह अपनी मां को भी नहीं छोड़ेगी।

हालांकि, पुलिस की वैज्ञानिक जांच के सामने उसका यह नाटक टिक नहीं सका। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई गला दबाने की पुष्टि

पुलिस ने मृत बच्ची का पोस्टमार्टम कराया था। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाकर जांच पूरी की।

अदालत ने मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों के आधार पर पूजा को दोषी माना। इसके बाद उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 500 रुपए का अर्थदंड भी लगाया।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts