Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुमशुदा बेटी को तलाशने का झांसा देकर ठगी:पुलिस अधिकारी बनकर पैसे ऐंठने वाले दो ठग गिरफ्तार

रायसेन जिले की बेगमगंज पुलिस ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर गुमशुदगी के मामलों में झांसा देकर पैसे ऐंठते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निवाड़ी जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।
पुलिस अधिकारी बनकर पैसे ऐंठने वाले दो ठग गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी बनकर पैसे ऐंठने वाले दो ठग गिरफ्तार

रायसेन। ग्राम बिजौरा निवासी एक व्यक्ति की गुमशुदा बेटी की रिपोर्ट का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया। बेटी को तलाशने के नाम पर पहले 2 हजार और फिर 5 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गुमशुदगी की रिपोर्ट का उठाया फायदा

बेगमगंज के ग्राम बिजौरा निवासी नरेश लोधी ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना बेगमगंज में दर्ज कराई थी। इसी रिपोर्ट का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने फरियादी का मोबाइल नंबर हासिल किया और पुलिस अधिकारी बनकर फोन किया। आरोपियों ने बेटी को खोज निकालने का दावा करते हुए पहले 2 हजार रुपये की मांग की। फरियादी ने भरोसा कर पैसे ट्रांसफर कर दिए।

ये भी पढ़ें: स्विगी इंस्टामार्ट को FSSAI के 9 नोटिस... एक्सपायर्ड और खराब खाद्य उत्पाद बेचने के आरोप; मांगा जवाब

दूसरी बार रुपये मांगने पर हुआ शक

पहली रकम मिलने के बाद आरोपियों ने फरियादी से 5 हजार रुपये और मांगे। तब फरियादी को ठगी का अहसास हुआ और उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर बेगमगंज थाने में अपराध क्रमांक 256/2026 धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद पुलिस ने साइबर ठगों की तलाश शुरू की। 

Breaking News

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार 

पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक और एसडीओपी सोनाली गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजीव उईके ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर पुलिस टीम निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर पहुंची। वहां से पुष्पेंद्र पाल (25) निवासी ग्राम मनेथ और अखिलेश यादव (38) निवासी ग्राम गोवापूर्वी को गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें: CM Yogi: गोरखपुर में सीएम योगी ने किया पौधरोपण, मौलश्री का लगाया पौधा; बोले- वनों से ही नदियां रहेंगी सदानीरा

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी फोन पर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और क्यूआर कोड भेजकर रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें और पुलिस अधिकारी बनकर पैसे मांगने वालों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

Edited By : Rohit Sharma

Anand Sharma
By Anand Sharma

Latest Posts