भाई जी बाल मंदिर स्कूल में बाल दिवस पर सजा बाल मेला, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मुरैना। महात्मा गांधी सेवा आश्रम जौरा में संचालित भाई जी बाल मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आकर्षक बाल मेले का आयोजन किया गया। महात्मा गांधी सेवा आश्रम के सचिव एवं मुख्य अतिथि दिलीप कुमार जैन ने मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
डॉ. राजगोपाल पी. व्ही. ने केरल से भेजा शुभकामना संदेश
इस अवसर पर महात्मा गांधी सेवा आश्रम के अध्यक्ष एवं विख्यात गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राजगोपाल पी. व्ही. ने केरल से अपना शुभकामना संदेश भेजा। उन्होंने विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों और आयोजकों को बाल दिवस की बधाई दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था वह महत्वपूर्ण समय है, जब बच्चों के व्यक्तित्व में मानवीय संवेदनाओं, नैतिक आदर्शों और जीवन मूल्यों के बीज रोपे जाते हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ सत्य, अहिंसा, सदाचार, प्रेम, करुणा और आपसी सद्भाव के संस्कार देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा केवल विचार या सिद्धांत नहीं, बल्कि मानव जीवन को श्रेष्ठ बनाने और समाज में स्थायी शांति स्थापित करने के सशक्त माध्यम हैं। सदाचार, नैतिकता और परस्पर सम्मान को जीवन का आधार बनाकर ही देश और दुनिया में शांति, भाईचारे तथा मानवीय एकता का वातावरण तैयार किया जा सकता है। नई पीढ़ी को ऐसी जीवनशैली और विचारधारा से जोड़ना आज की बड़ी आवश्यकता है। डॉ. राजगोपाल पी. व्ही. ने कहा कि बच्चों में प्रेम, सहयोग, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने वाले आयोजन भविष्य के शांतिपूर्ण, संवेदनशील और समरस समाज की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने बाल मेले के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बच्चों ने स्टॉल लगाकर दिखाई रचनात्मकता
बाल मेले में विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रकार के आकर्षक स्टॉल और दुकानें सजाईं। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि दिलीप कुमार जैन ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। मेले में पहुंचे लोगों ने बच्चों के स्टॉल से खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को व्यवसाय की प्रारंभिक समझ विकसित करने के साथ अनुशासन, सदाचार, आत्मनिर्भरता और आपसी सहयोग जैसे व्यावहारिक गुण सीखने का अवसर मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, विजेताओं को मिले पुरस्कार
कार्यक्रम में बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मनोरंजन किया। इसके साथ ही दीपावली के अवसर पर विद्यालय में आयोजित कक्षा सजावट, रंगोली और दीपक सजाओ प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि दिलीप कुमार जैन ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए दिलीप जैन ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को देखकर विश्वास होता है कि देश की भावी पीढ़ी के हाथों भारत का भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालय के स्टाफ और प्रबंधन को सफल आयोजन की बधाई दी।
भाई जी के मानवीय आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास
बाल मेले का प्रमुख उद्देश्य बच्चों में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता, सद्भावना, सहयोग और नैतिक मूल्यों की भावना विकसित करना रहा। इसके साथ ही गांधीवादी विचारों के संवाहक स्वर्गीय डॉ. एस.एन. सुब्बाराव 'भाई जी' द्वारा स्थापित मानवीय आदर्शों और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।






















