सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, आय से अधिक संपत्ति की जांच

पचमढ़ी। मध्यप्रदेश लोकायुक्त की विशेष पुलिस स्थापना टीम ने शनिवार सुबह छापेमार कार्रवाई की। टीम ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर की गई है।
डीएसपी लोकायुक्त भोपाल संभाग अजय मिश्रा ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की टीम ने भोपाल की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित आवास पर सर्चिंग शुरू की।
भोपाल और छिंदवाड़ा में भी जांच
लोकायुक्त की अलग-अलग टीमें कई ठिकानों पर जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, भोपाल और छिंदवाड़ा स्थित आवासों पर भी कार्रवाई की गई है। अधिकारी से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों की भी तलाशी ली जा रही है।
टीमें संपत्ति से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही हैं। इसके अलावा बैंक खातों, नकदी और आभूषणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल सभी ठिकानों का विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ हैं अधिकारी
संजीव कुमार शर्मा वर्तमान में पचमढ़ी स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं। एसटीआर की फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने भी इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि छापेमार कार्रवाई की आधिकारिक सूचना उन्हें संबंधित एजेंसी से नहीं मिली है। हालांकि, रेंज ऑफिसर ने मौके से उन्हें इसकी जानकारी दी है।
सीधी में लोकायुक्त की कार्रवाई, पंचायत सचिव 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जांच के बाद स्पष्ट होगी संपत्ति की स्थिति
लोकायुक्त की कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के सत्यापन के आधार पर की जा रही है। फिलहाल सभी ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन जारी है।
छापेमारी में कितनी नकदी, आभूषण या संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद अधिकारी की ज्ञात आय और कथित संपत्ति के बीच अंतर स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल मामला जांच के अधीन है। अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।




















