शादी से पहले खेत में पलटी दूल्हा-दुल्हन की कार, कीचड़ से सना जोड़ा, फिर भी पूरी हुई रस्में

शादी का दिन हर किसी के लिए बेहद खास होता है। इस दिन दूल्हा-दुल्हन अपने नए जीवन की शुरुआत करने के सपने देखते हैं, लेकिन वियतनाम में एक कपल के साथ ऐसा हादसा हुआ कि शादी की खुशियां कुछ देर के लिए चिंता में बदल गईं। शादी की रस्में शुरू होने से कुछ घंटे पहले दूल्हा-दुल्हन की कार सड़क से फिसलकर धान के कीचड़ भरे खेत में पलट गई। हादसे में दुल्हन का पूरा शादी वाला जोड़ा मिट्टी से सन गया। हालांकि, राहत की बात रही कि दोनों सुरक्षित बच गए और बाद में शादी की रस्में भी पूरी हुईं।
शादी से पहले खेत में पलट गई दूल्हा-दुल्हन की कार
यह घटना 10 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वियतनाम के तुयेन क्वांग प्रांत में हुई। VnExpress की रिपोर्ट के मुताबिक, 21 साल के ली वान वियत अपनी 19 साल की दुल्हन डैम थी शुआन को लेकर उसके मायके थो हैमलेट से अपने घर बान बान हैमलेट जा रहे थे। दोनों की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। परिवार और रिश्तेदार जश्न की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच दूल्हे के घर से करीब एक किलोमीटर पहले उनकी कार अचानक सड़क से उतर गई और पास के धान के खेत में पलट गई। इस घटना से बारात में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
कार के सामने आ गई फूलों की सजावट
बताया जा रहा है कि कार के बोनट पर फूलों से सजावट की गई थी। रास्ते में तेज हवा चली तो सजावट के फूल उड़कर कार के सामने वाले शीशे पर आ गए। इससे ड्राइवर को सड़क ठीक से दिखाई नहीं दी। सड़क साफ नजर नहीं आने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खेत में जाकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार में बैठे दूल्हा-दुल्हन को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
दुल्हन को कीचड़ में देख घबराए लोग
कार पलटने के बाद बारात के साथ चल रहे फोटोग्राफर ली डैन सु ने बताया कि गाड़ी एक तरफ जाकर रुक गई थी। दुल्हन जिस तरफ बैठी थी, कार का वही हिस्सा कीचड़ भरे खेत की ओर था। हादसा देखते ही बारात में शामिल लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। शुरुआत में चार-पांच युवकों ने मिलकर कार को सीधा करने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी का वजन ज्यादा होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए। इसके बाद आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते काफी लोग वहां जमा हो गए। सभी ने मिलकर कार को ऊपर उठाया और दूल्हा-दुल्हन को बाहर निकालने में मदद की।
ये भी पढ़ें: पाताल लोक में पहुंचा किसान! 1000 फीट गहरे कुएं में उतर कर ली चाय की चुस्की, VIDEO वायरल
गर्भवती थी दुल्हन, परिवार को हुई बच्चे की चिंता
इस हादसे में दुल्हन की हालत देखकर वहां मौजूद लोग भी परेशान हो गए। उसका पूरा शादी का जोड़ा कीचड़ से भर गया था और बालों पर भी मिट्टी लग गई थी। परिवार की चिंता इसलिए भी बढ़ गई थी क्योंकि दुल्हन शुआन गर्भवती थीं। ऐसे में सभी को उनकी और गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत की फिक्र होने लगी। हालांकि, राहत की बात रही कि हादसे में दूल्हा और दुल्हन दोनों को कोई चोट नहीं आई।
नहाकर बदले कपड़े, फिर शुरू हुई शादी की तैयारी
कार से बाहर निकलने के बाद दुल्हन को दूल्हे के घर ले जाया गया। वहां उन्होंने नहाकर कपड़े बदले और शादी की बाकी रस्मों की तैयारी शुरू कर दी। परिवार ने हादसे के बावजूद शादी का कार्यक्रम जारी रखा, लेकिन दुल्हन की सेहत को नजरअंदाज नहीं किया। उसी दिन दोपहर बाद शुआन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि दुल्हन और उनके गर्भ में पल रहा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। यह खबर सुनकर परिवार ने राहत की सांस ली। दूल्हे ने भी इस घटना को अचानक हुई अनहोनी बताया और खुशी जताई कि उनकी पत्नी और होने वाला बच्चा सुरक्षित हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
इस अनोखे हादसे के वीडियो और तस्वीरें बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गईं। तस्वीरों में दुल्हन अपने शादी के जोड़े में नजर आईं, जो पूरी तरह कीचड़ से सना हुआ था। इन तस्वीरों को देखकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कपल के लिए सहानुभूति जताई और उनके अच्छे वैवाहिक जीवन की कामना की। शादी के दिन आया यह मुश्किल पल आखिरकार राहत भरी खबर के साथ खत्म हुआ। हादसे के बावजूद दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी की खुशियों को अधूरा नहीं रहने दिया।




















