Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मनाली में एडवेंचर पड़ा भारी, बीच रास्ते में टूटी जिप लाइन, 30 फीट नीचे गिरी बच्ची, हादसे का वीडियो वायरल

Follow on Google News
मनाली में एडवेंचर पड़ा भारी, बीच रास्ते में टूटी जिप लाइन, 30 फीट नीचे गिरी बच्ची, हादसे का वीडियो वायरल
मनाली। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में गर्मी की छुट्टियां मनाने आए नागपुर निवासी परिवार की यात्रा उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब उनकी 12 वर्षीय बेटी त्रिशा बिजवे जिप लाइनिंग के दौरान करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गई। यह हादसा 8 जून रविवार को मनाली के नेहरू कुंड के पास स्थित एक जिप लाइनिंग साइट पर हुआ। लेकिन अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

हवा में लटकते ही गिर गई बच्ची

हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें त्रिशा जिप लाइनिंग के दौरान आधे रास्ते में पहुंचती है, तभी केबल का हुक अचानक टूट जाता है, और वह सीधे जमीन पर गिर जाती है। घटना के बाद परिवार ने जिप लाइन संचालकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे, और हादसे के बाद भी उचित चिकित्सा सहायता नहीं दी गई।

कई हड्डियां टूटीं, हाल ही में हुई सर्जरी

हादसे के तुरंत बाद त्रिशा को मनाली के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। कुछ दिनों बाद उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज और हाल ही में सर्जरी भी हुई है। त्रिशा के पिता प्रफुल्ल बिजवे ने बताया कि, बच्ची की हालत अब स्थिर है, लेकिन उसकी कई हड्डियां टूट गई हैं, और उसे लंबे इलाज की जरूरत है।

परिवार ने लगाए लापरवाही के आरोप

परिवार का कहना है कि जिस साइट पर जिप लाइनिंग की जा रही थी, वहां सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई थी। त्रिशा की मां ने बताया कि ना कोई प्रशिक्षित कर्मचारी मौजूद था, ना ही इमरजेंसी में मदद के लिए मेडिकल स्टाफ था। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद भी कोई कर्मचारी आगे नहीं आया और उन्हें खुद ही अपनी बेटी को अस्पताल ले जाना पड़ा।

मनाली पुलिस ने कहा- दोनों पक्षों में हो गया था समझौता

मनाली थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि यह मामला एक सप्ताह पुराना है। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो चुका है। बच्ची के पिता ने कानूनी कार्रवाई न करने की बात कही थी, जिसके बाद वे उसे इलाज के लिए चंडीगढ़ ले गए। हालांकि जिप लाइनिंग साइट के संचालन पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं, लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts