15 गालों से तार चोरी का खुलासा, किसानों की सतर्कता से छोटा बेटमा के गोदाम तक पहुंची पुलिस

बेटमा क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहनों, बिजली के तारों और पानी की मोटरों की चोरी की घटनाओं के बीच शुक्रवार को ग्रामीणों और किसानों की सतर्कता से कथित चोरी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। गुरुवार रात क्षेत्र के करीब 15 गालों से बिजली के तार चोरी होने के बाद शुक्रवार सुबह किसानों ने घटनास्थल पर मिले पैरों के निशानों का पीछा किया, जो उन्हें छोटा बेटमा स्थित एक गोदाम तक ले गए। किसानों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं बिजली विभाग को दी। किसानों की सूचना और सहयोग से पुलिस ने गोदाम की तलाशी ली, जहां से बिजली विभाग से संबंधित एल्यूमिनियम विद्युत तार सहित बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद अली खिलजी उर्फ 'मामू कबाड़ी' को गिरफ्तार कर लिया।
15 गालों से बिजली के तार काटकर चोरी किए
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने क्षेत्र के करीब 15 गालों से बिजली के तार काटकर चोरी कर लिए थे। शुक्रवार सुबह किसान जब खेतों पर पहुंचे तो चोरी का पता चला। घटनास्थल पर मिले पैरों के निशानों का पीछा करते हुए किसान छोटा बेटमा स्थित मेन हाईवे रोड पर बने एक गोदाम तक पहुंचे। किसानों का दावा है कि गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में बिजली विभाग के एल्यूमिनियम विद्युत तार और अन्य संदिग्ध सामग्री रखी हुई थी। यह देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए और तत्काल पुलिस व बिजली विभाग को मौके पर बुलाया गया।
ये भी पढ़ें: खिलचीपुर में परिवहन विभाग की वाहन जांच कार्रवाई, बिना परमिट संचालित 5 बसें जब्त
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही बेटमा पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों की मौजूदगी में गोदाम की जांच की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामान मिलने के बाद पुलिस ने गोदाम को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की और मुख्य आरोपी मोहम्मद अली खिलजी उर्फ 'मामू कबाड़ी' को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बरामद सामग्री का सत्यापन कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह किन-किन चोरी की घटनाओं से जुड़ी हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोहम्मद अली खिलजी उर्फ मामू कबाड़ी का नाम पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। उसके विरुद्ध अमझेरा, सादलपुर, राजगढ़, बेटमा, गौतमपुरा तथा रतलाम के मानकचौक थाना सहित विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य धाराओं के प्रकरण दर्ज बताए जाते हैं। गौतमपुरा थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के विद्युत तार चोरी के चर्चित मामले में भी वह मुख्य आरोपियों में शामिल रहा है, जिसके चलते उसका नाम पहले भी सुर्खियों में रहा है।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों एवं किसानों का आरोप है कि मामू कबाड़ी लंबे समय से कबाड़ के कारोबार की आड़ में कथित रूप से चोरी का सामान खरीदने तथा चोरी की गतिविधियों में संदिग्ध भूमिका निभाता रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली के तार, दोपहिया वाहन और पानी की मोटरों की चोरी की घटनाओं के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है। ग्रामीणों ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर इसमें शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी तथा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: शराब के नशे में दोस्त को मौत के घाट उतार तलाई में गाड़ दिया शव
नुकसान की भरपाई के लिए भी आवश्यक कदम उठाए
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही गोदाम से बरामद सामान, हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं और संभावित गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने पुलिस और बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा किसानों को हो रहे आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि यदि पूरे गिरोह का पर्दाफाश नहीं किया गया तो क्षेत्र में चोरी की घटनाएं रुकना मुश्किल होगा ।
Edited By: Sumit Shrivastava












