Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘ईरान को परमाणु बम नहीं बनाने देंगे’…, ट्रंप ने खींची रेडलाइन, इजरायल को दी अगली जंग में साथ की गारंटी

Follow on Google News
‘ईरान को परमाणु बम नहीं बनाने देंगे’…, ट्रंप ने खींची रेडलाइन, इजरायल को दी अगली जंग में साथ की गारंटी

12 दिन तक चले ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष के बाद भले ही जंग थम गई हो, लेकिन अमेरिका अब भी इस मुद्दे पर पूरी तरह सक्रिय है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं देगा। इसके साथ ही उन्होंने इजरायल को अगली जंग में पूरा समर्थन देने का वादा भी किया है।

ईरान का परमाणु कार्यक्रम अब अमेरिका के निशाने पर

जंग खत्म होते ही ईरान ने इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) से अपना सहयोग खत्म कर दिया है। साथ ही संसद में ऐसा बिल पास कर दिया गया है, जिससे अब अंतरराष्ट्रीय निगरानी से उसका न्यूक्लियर प्रोग्राम बाहर हो जाएगा। ईरान ने खुलकर कहा है कि वह अब यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) तेज करेगा। लेकिन ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा हुआ तो अमेरिका फिर हमला करेगा।

‘परमाणु बम नहीं बनाएगा ईरान’ – ट्रंप

ट्रंप ने ईरान के लिए सख्त लहजे में कहा कि हमने बमबारी करके उसके परमाणु ठिकानों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है और हम दोबारा ऐसा कर सकते हैं। ईरान अब यूरेनियम एनरिचमेंट नहीं करेगा, और अगर किया तो हम फिर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने फोर्डो, नतांज और इस्फहान में अमेरिकी हमलों को ईरान के लिए बड़ा झटका बताया।

‘हमले ने जंग खत्म की, वरना अब तक लड़ाई चल रही होती’

ट्रंप ने इजरायल और ईरान के बीच जंग को खत्म करने का श्रेय अमेरिका के हमले को दिया। उन्होंने कहा, “हमला न करते तो युद्ध अब भी जारी होता। हालांकि मैं हिरोशिमा-नागासाकी जैसा उदाहरण नहीं देना चाहता, लेकिन यह हमला उसी तरह निर्णायक साबित हुआ।”

ट्रंप का दावा – यूरेनियम नहीं हटा पाया ईरान

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ईरान ने अमेरिकी हमले से पहले अपने ठिकानों से यूरेनियम हटाकर किसी गुप्त स्थान पर पहुंचा दिया था। लेकिन ट्रंप ने इसे पूरी तरह गलत बताया। व्हाइट हाउस ने भी इसे फर्जी खबर करार दिया और कहा कि इससे सिर्फ अमेरिकी कार्रवाई को कमतर दिखाने की कोशिश की गई।

इजरायल को अमेरिका का भरोसा – भविष्य में भी रहेगा साथ

हालांकि ट्रंप ने पहले इजरायल की आलोचना की थी कि वह सीजफायर के बाद हमला कर बैठा, लेकिन बाद में उन्होंने खुलकर इजरायल का समर्थन किया। हेग में नाटो समिट के दौरान उन्होंने कहा, “मुझे इजरायल पर गर्व है। वह तकनीकी रूप से सही था। अगर ईरान ने फिर सीजफायर तोड़ा, तो हम फिर साथ खड़े होंगे।”

ईरान फिर करेगा एनरिचमेंट तो दोबारा होगा हमला

ट्रंप ने दो टूक कहा कि अगर ईरान दोबारा यूरेनियम एनरिच करना शुरू करता है, तो अमेरिका फिर हमला करेगा। उन्होंने इजरायल को भरोसा दिया कि भविष्य में अगर जंग होती है, तो अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने ये भी माना कि इजरायल के पास इतने ताकतवर बंकर बस्टर बम नहीं हैं, इसीलिए अमेरिका ने अपने विशेष बमों से ईरान पर हमला किया था।

टकराव थमा, तनाव बरकरार

भले ही इजरायल-ईरान जंग का अंत हो गया हो, लेकिन ट्रंप के बयानों से साफ है कि अमेरिका इस बार ईरान को लेकर किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है। रेडलाइन खींच दी गई है – परमाणु बम नहीं बनने देंगे!

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts