Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अधिकारियों ने ग्रामीणों पर हमला किया, NIA टीम पर हमले के बाद ममता बनर्जी बोलीं- रात में छापे मारने क्यों गए ?

Follow on Google News
अधिकारियों ने ग्रामीणों पर हमला किया, NIA टीम पर हमले के बाद ममता बनर्जी बोलीं- रात में छापे मारने क्यों गए ?
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर इलाके में ग्रामीणों ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) के अधिकारियों पर हमला नहीं किया, बल्कि एनआईए के अधिकारियों ने ग्रामीणों पर हमला किया।

भूपतिनगर की महिलाओं ने नहीं किया था हमला

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जांच एजेंसी का दल "2022 में पटाखे फोड़ने'' की एक घटना की जांच के सिलसिले में तड़के ग्रामीणों के घरों में गया था। बनर्जी ने दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में एक चुनावी रैली के दौरान कहा, ‘‘हमला भूपतिनगर की महिलाओं ने नहीं किया था, बल्कि NIA के अधिकारियों ने हमला किया था।'' उन्होंने कहा, ‘‘अगर महिलाओं पर हमला होगा तो क्या महिलाएं शांत बैठी रहेंगी?'' उन्होंने कहा कि दिसंबर 2022 की घटना को लेकर एनआईए अधिकारियों का उनके घरों में जाने का उन्होंने केवल विरोध किया था।

NIA ने दो लोगों को किया था गिरफ्तार

इधर, पुलिस ने बताया कि भूपतिनगर इलाके में 2022 के बम विस्फोट मामले की जांच के लिए गए एनआईए के दल पर ग्रामीणों ने शनिवार को हमला कर दिया। उसने बताया कि एनआईए अधिकारियों के एक दल ने इस मामले के संबंध में बुधवार सुबह दो लोगों को गिरफ्तार किया और यह दल कोलकाता वापस जा रहा था, तभी उसके वाहन पर हमला हुआ। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों ने वाहन को घेर लिया और उस पर पथराव किया। एनआईए ने कहा है कि उसका एक अधिकारी घायल भी हुआ है।'' उन्होंने बताया कि एनआईए ने भी इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा सरकार पर लगाया आरोप

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा की सरकार पर चुनाव जीतने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि निर्वाचन आयोग भाजपा-संचालित आयोग न बने, बल्कि निष्पक्षता से काम करे।'' उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य के पुलिस अधिकारियों के तबादले पर सवाल उठाते हुए पूछा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग (आईटी) के अधिकारियों को क्यों नहीं बदला गया।

सोरेन-केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की

बनर्जी ने कहा, ‘‘एनआईए, सीबीआई भाजपा के भाई हैं, ईडी और आईटी विभाग भाजपा को निधि मुहैया कराने वाले बक्से हैं।'' उन्होंने रैली में कहा, ‘‘अगर भाजपा में ताकत है, तो चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से लड़कर जीतें। मेरे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और चुनाव एजेंट को गिरफ्तार न करें।'' उन्होंने कथित भूमि घोटाले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और आबकारी नीति से संबंधित मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय एजेंसियों द्वारा गिरफ्तार किए जाने की निंदा की। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव में सभी को समान अवसर मिलने चाहिए।''

2022 में हुआ था बम ब्लास्ट

दरअसल, पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर में 3 दिसंबर 2022 को एक घर में बम ब्लास्ट हुआ था। जिसमें घर की छत उड़ गई थी और हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसी मामले की एएनआईए जांच कर रही है। पिछले महीने NIA ने इस मामले में पूछताछ के लिए तृणमूल कांग्रेस के आठ नेताओं को समन भेजकर 28 मार्च को न्यू टाउन में NIA ऑफिस बुलाया था। लेकिन ये नेता राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के समक्ष पेश नहीं हुए। केंद्रीय जांच एजेंसी किसी अन्य तारीख पर इन आठों नेताओं को फिर से समन जारी कर सकती है। ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में NIA की टीम पर हमला : मेदिनीपुर में TMC नेता के यहां जांच के दौरान भीड़ ने की पत्थरबाजी, भूपतिनगर बम ब्लास्ट से जुड़ा है मामला
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts