Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मानसून ने पकड़ी रफ्तार! दिल्ली से ओडिशा तक कई राज्यों में, भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

मानसून के बीच कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। दिल्ली में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार! दिल्ली से ओडिशा तक कई राज्यों में, भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम की ताजा जानकारी देखते रहने की सलाह दी गई है।

Twitter Post

मध्य प्रदेश में भारी बारिश का जोर

मध्य प्रदेश में 11 अगस्त को कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में 24 घंटे के दौरान बहुत अधिक बारिश हो सकती है। उज्जैन, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर और शिवपुरी समेत कई जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम पर कम दबाव वाले क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ का असर बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: संसद में ट्रिब्यूनल्स रिफॉर्म्स बिल पास, छात्रों के प्रदर्शन पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने

राजस्थान में भी मानसून हुआ तेज

राजस्थान में मानसून सक्रिय बना हुआ है। दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, झुंझुनू, अलवर और चूरू में भी 13 अगस्त तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त के बाद मौसम में सुधार की उम्मीद है।

यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। हालांकि लखनऊ में 11 अगस्त को बारिश की बड़ी चेतावनी नहीं है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रह सकता है।

बिहार में आंधी और बिजली गिरने का खतरा

बिहार में अगले 72 घंटे मौसम के लिहाज से अहम रहेंगे। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में तेज हवा के साथ बिजली गिरने की आशंका है। बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है। पटना में दिन का तापमान करीब 36 डिग्री रहने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के आसार

दिल्ली-NCR में 12 और 13 अगस्त को हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। 14 और 15 अगस्त को भी राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

ओडिशा में 16 अगस्त तक बारिश

ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर दिखाई दे सकता है। बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर और कटक सहित कई इलाकों में बारिश का अनुमान है। 12 से 15 अगस्त के बीच बारिश और तेज हो सकती है। समुद्र में ऊंची लहरों की संभावना को देखते हुए मछुआरों को 11 से 14 अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें: राम रहीम केस में आया नया मोड़, बरी होने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला, सरकार पर भी टिप्पणी

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम रहेगा खराब

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 से 13 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 9 से 15 अगस्त तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई जगह बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts