Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

16 राज्यों में मानसून का कहर! नदियां उफान पर, पहाड़ों में लैंडस्लाइड का खतरा, जानें अपने शहर का हाल

मानसून ने एक बार फिर देश के कई हिस्सों में रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई जगह भारी बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की चेतावनी दी है। हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा भी बढ़ गया है।
16 राज्यों में मानसून का कहर! नदियां उफान पर, पहाड़ों में लैंडस्लाइड का खतरा, जानें अपने शहर का हाल
बारिश से बढ़ी बाढ़ और लैंडस्लाइड की चिंता

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर तेज हो गया है। मैदानी इलाकों में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह है।

Twitter Post

दिल्ली-NCR में उमस के बीच बारिश के आसार

दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद भी गर्मी और उमस से लोगों को पूरी राहत नहीं मिली है। 10 अगस्त को राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। यमुना के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है।

यूपी में नदियों का बढ़ा जलस्तर, कई जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का असर कई जिलों में दिखाई दे रहा है। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। पूर्वी यूपी में तेज बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में आंधी और गरज-चमक हो सकती है। सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, गोंडा और बाराबंकी समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान है।

बिहार में 13 अगस्त के बाद बढ़ेगा बारिश का जोर

बिहार में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। राज्य में 13 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पटना में 10 अगस्त को बारिश हो सकती है और तापमान 32 डिग्री के आसपास रह सकता है। गया, चंपारण, रोहतास, नवादा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज और सुपौल सहित कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: हर घर तिरंगा अभियान का बने हिस्सा, आजादी के जश्न से पहले PM मोदी की देशवासियों से अपील

MP में नर्मदा समेत कई नदियां उफान पर

मध्य प्रदेश में बारिश ने फिर जोर पकड़ा है। डिंडोरी और आसपास के इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से हालात चिंताजनक हैं। मंडला में भी भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी पहुंचने की खबर है। रायसेन, नर्मदापुरम, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी और पन्ना जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान से पंजाब-हरियाणा तक मौसम बदलेगा

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 10 से 13 अगस्त के बीच तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। पंजाब में कई जगह भारी बारिश की संभावना है, जबकि हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश हो सकती है। लोगों को तेज हवा और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

पहाड़ों में बारिश के साथ लैंडस्लाइड की चिंता

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का असर सड़कों और पहाड़ी इलाकों पर दिखाई दे रहा है। हिमाचल के चंबा में भूस्खलन से कई सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं। उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में भी लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा में तेज बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर में भी बारिश का दौर जारी

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश की संभावना है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई इलाकों में बारिश हो सकती है। असम में पहले से बाढ़ का असर बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं।

ये भी पढ़ें: ‘मोदी को ठोकने आए थे’ केजरीवाल के बयान से गरमाई सियासत, बीजेपी बोली- ये कैसी भाषा है?

तमिलनाडु में फिलहाल हल्की बारिश

तमिलनाडु में 14 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है। हालांकि उत्तरी तमिलनाडु के अंदरूनी हिस्सों में दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। चेन्नई और आसपास के जिलों में बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए कई राज्यों में लोगों को स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने की जरूरत है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...Read More

Latest Posts