गोलबाजार के 13 अतिक्रमणों पर हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा, 12 हजार वर्गफीट जमीन पर कब्जे का आरोप

जबलपुर। गोलबाजार क्षेत्र के 13 अतिक्रमणों को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर मप्र हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई पूरी हो गई है। मामले में आरोप लगाया गया है कि नगर निगम की करोड़ों रुपए मूल्य की 12 हजार वर्गफीट से अधिक सरकारी जमीन पर स्थानीय पार्षद अयोध्या तिवारी और उनके परिवार के द्वारा अतिक्रमण करने का आरोप लगाया गया है। चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
गोलबाजार के 13 अतिक्रमणों को दी चुनौती
गौरतलब है कि गोलबाजार निवासी जयदीप शाह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर गोलबाजार में फैले अतिक्रमणों को चुनौती दी है। मामले में हस्तक्षेपकर्ता अमित जैन ने हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल कर आरोप लगाया है कि स्थानीय पार्षद अयोध्या तिवारी ने गोलबाजार की 12 हजार वर्गफीट जमीन पर कब्जा किया है। इस मामले में कुल 13 अतिक्रमणों का मुद्दा उठाया गया है।
सभी पक्षों के अधिवक्ताओं ने रखे तर्क
गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रियंकुश जैन, राज्य सरकार की ओर से शासकीय अधिवक्ता मानस मणि वर्मा, नगर निगम की ओर से अधिवक्ता सौरभ सुन्दर, हस्तक्षेपकर्ता अमित जैन की ओर से अधिवक्ता सतीश वर्मा और पार्षद अयोध्या तिवारी की ओर से अधिवक्ता सीवी राव ने पक्ष रखा।




















