नर्मदापुरम में गांव-गांव घूम रहे पुराने मोबाइल खरीदारों का सत्यापन कराने की मांग, साइबर अपराध का खतरा

सोहागपुर। समूचे नर्मदापुरम जिले के गांवों की गलियों में घूमकर पुराने मोबाइल फोन, बाल, कबाड़ और अन्य सामान खरीदने वाले फेरीवालों की गतिविधियों को लेकर अब सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पुराने मोबाइल खरीदने वाले इन लोगों के माध्यम से एकत्रित किए जा रहे मोबाइल आखिर कहां पहुंचते हैं, उन्हें कौन खरीदता है और उनके कारोबार का कोई व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाता है या नहीं, यह जांच का विषय है।
बिहार के भागलपुर से पुराने मोबाइल खरीदकर दिल्ली से होते हुए बांग्लादेश तक पहुंचाने वाले नेटवर्क के खुलासे के बाद साइबर सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं और गंभीर हो गई हैं। ऐसे में नर्मदापुरम जिले में भी गांव-गांव घूमने वाले पुराने मोबाइल खरीदारों के सत्यापन और उनकी गतिविधियों की जांच की आवश्यकता है।
साइबर अपराधों की जताई आशंका
हाल ही में भागलपुर में सामने आए मामले ने पुराने मोबाइल फोन के कारोबार की आड़ में संभावित साइबर अपराधों को लेकर चिंता बढ़ाई है। जांच में पुराने मोबाइल फोन को विभिन्न माध्यमों से दूसरे क्षेत्रों और सीमापार तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की जानकारी सामने आई।
पुराने मोबाइल फोन के मदरबोर्ड, मेमोरी और अन्य तकनीकी हिस्सों का दुरुपयोग साइबर अपराधों में किए जाने की आशंकाएं भी जताई गईं। इस घटनाक्रम ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण इलाकों से बिना किसी व्यवस्थित रिकॉर्ड के खरीदे जाने वाले पुराने मोबाइल फोन आखिर किस नेटवर्क तक पहुंच रहे हैं।
पिपरिया मंडी में धान की तौल में गड़बड़ी का आरोप, किसानों का हंगामा
गांवों में सक्रिय खरीदारों का सत्यापन कौन करेगा?
नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर, पिपरिया, माखननगर, बनखेड़ी सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में फेरीवाले समय-समय पर घरों और गांवों में पहुंचकर पुराने मोबाइल, बाल, कबाड़ तथा अन्य सामान खरीदते दिखाई देते हैं। इनका कारोबार सामान्य और वैध हो सकता है, लेकिन इस गतिविधि में पारदर्शिता और पहचान का रिकॉर्ड होना भी उतना ही जरूरी है।
क्या ऐसे मोबाइल खरीदारों के नाम-पते, पहचान, संपर्क नंबर और कारोबार से संबंधित जानकारियां स्थानीय थानों के पास उपलब्ध हैं? क्या खरीदे गए मोबाइल फोन का रिकॉर्ड रखा जाता है? क्या यह पता लगाया जाता है कि खरीदे गए मोबाइल आगे किन दुकानदारों, कारोबारियों या व्यक्तियों को बेचे जा रहे हैं? इन सवालों की पड़ताल पुलिस प्रशासन के स्तर पर होना आवश्यक है।
पुराने मोबाइल में मौजूद डेटा बन सकता है खतरा
आज मोबाइल फोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, सोशल मीडिया, निजी तस्वीरों, संपर्क सूची और अनेक संवेदनशील जानकारियों का संग्रह बन चुके हैं।
पुराने मोबाइल को बेचते समय यदि उसका डेटा पूरी तरह सुरक्षित तरीके से हटाया नहीं गया हो तो निजी जानकारी के दुरुपयोग की आशंका बनी रहती है। ऐसे उपकरणों या उनके तकनीकी हिस्सों का इस्तेमाल गलत हाथों में पहुंचने पर साइबर अपराधों में भी हो सकता है।
सोहागपुर की मंडी बंद, किसान पिपरिया-सेमरी में बेच रहे उपज, स्थानीय कारोबार को करोड़ों का नुकसान
साइबर सेल और थानों की संयुक्त जांच की जरूरत
जिले में संभावित जोखिम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक को साइबर सेल और स्थानीय थाना पुलिस के माध्यम से ऐसे फेरीवालों तथा पुराने मोबाइल खरीदने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों का सत्यापन कराने की पहल करनी चाहिए।
उनके पहचान संबंधी दस्तावेज, कारोबार की प्रकृति, मोबाइल खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और सामान आगे पहुंचाने की व्यवस्था की जांच नियमों के तहत की जा सकती है। इससे वैध कारोबार करने वालों को अनावश्यक परेशानी दिए बिना संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।
घटना के बाद नहीं, पहले सतर्क हो पुलिस
बिहार में सामने आए मामले को केवल दूसरे प्रदेश की घटना मानकर नजरअंदाज करना उचित नहीं होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय ऐसे कारोबारियों की पहचान और गतिविधियों की जानकारी पुलिस के पास होना सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सवाल यह है कि नर्मदापुरम पुलिस इस संभावित जोखिम को लेकर कितनी सजग है और क्या गांवों में घूमकर पुराने मोबाइल खरीदने वालों का सत्यापन कराया जाएगा?
एसपी साहब, साइबर अपराध का खतरा दस्तक देने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि समय रहते गांवों तक पुलिस की निगरानी और सतर्कता पहुंचे। ग्रामीणों की निजी जानकारी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ा यह विषय गंभीरता से जांचे जाने की मांग करता है।




















