मुख्यमंत्री, मंत्री और मनोनीत पदाधिकारी भी करेंगे सरकार की योजनाओं की मॉनिटरिंग, भाजपा में खाली पदों पर 15 दिसंबर के पहले नियुक्तियां

भोपाल। भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने इस बार अपने मोर्चा-प्रकोष्ठों को 15 दिसंबर के पहले जिला-मंडलों की सभी शेष टीमें गठित करने का टास्क देते हुए युवाओं पर फोकस करने को कहा है। निगम-मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्षों की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा निचले स्तर तक योजनाएं पहुंचाने मैं स्वयं, मंत्रीगण और मनोनीत पदाधिकारी मॉनिटरिंग करेंगे।
युवाओं से मेल-मुलाकात बढ़ाने के निर्देश
मोर्चा प्रकोष्ठों से युवाओं को जोड़ने विशेष टोली बनाने और प्रदेश के बड़े नेताओं को भी जिलों के प्रवास के दौरान युवाओं से मेल-मुलाकात बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। भाजपा मुख्यालय में आयोजित मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक व सह संयोजकों की बैठकों में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह निर्देश दिए। बैठक में मोर्चा-प्रकोष्ठों को सबसे पहले जिलों में अपनी कार्यसमिति बनाने और खाली पदों को तुरंत भरने को कहा है। बैठक में संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने भी संबोधित किया। उन्होंने 1 से 25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा है।
रोड-मैप और समीक्षा सिस्टम
यह पहला मौका है जब सभी को अपने-अपने कार्यक्रमों का रोड-मैप तैयार करने और जिलों में कार्यसमिति बैठकों में कार्यक्रमों की समीक्षा का सिस्टम नियमित करने को कहा गया है। भाजपा के इन सभी आनुषांगिक संगठनों को कहा गया है कि युवाओं के बीच में काम बढ़ाएं। युवाओं को ज्यादा संख्या में जोड़ें, प्रदेश स्तरीय बड़े नेता भी जब जिलों का दौरा करें तो युवाओं के साथ अपने कार्यक्रम जरूर रखें।
ये भी पढ़ें: भाजपा ने 'सेवा दूतों' के हवाले की विधानसभा सीटें, प्रभारियों से मांगा मैदानी फीडबैक
सेवा दूत अभियान से जुड़ें
1 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सेवा दूत अभियान में भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व संयोजक सहित अन्य पदाधिकारियों को समाजों के बीच संपर्क-संवाद बढ़ाने का टास्क दिया है।




















