बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मिला नर बाघ का शव, लैब रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

उमरिया। 18 नवंबर की दोपहर पैदल गश्ती के दौरान बीट प्रभारी और सुरक्षा गार्ड ने सबसे पहले शव देखा। बाघ के सभी अंग, दांत और नाखून सुरक्षित मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कर सैंपल लैब भेजे गए हैं, फिलहाल मौत का कारण अज्ञात है।
गश्ती के दौरान मिला बाघ का शव
18 नवंबर की दोपहर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र की देवरी-बी बीट में पैदल गश्ती कर रहे बीट प्रभारी और सुरक्षा गार्ड ने बाघ का शव देखा। सूचना मिलने पर सहायक संचालक मानपुर और परिक्षेत्र अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी की।
ये भी पढ़ें: कान्हा में बाघिन की मौत पर एमपी हाईकोर्ट नाराज, टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर को किया तलब
डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर से की सर्चिंग
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। मेटल डिटेक्टर की मदद से भी सघन सर्चिंग की गई, लेकिन मौके से कोई संदिग्ध गतिविधि या साक्ष्य नहीं मिले।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम
19 नवंबर को वन संरक्षक रीवा वृत्त अनुराग कुमार, उप संचालक योहान कटारा, एनटीसीए प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति, सरपंच सावित्री प्रजापति, उप सरपंच तेजभान सिंह और नायब तहसीलदार सनत सिंह की मौजूदगी में डॉ. अभय सेंगर और डॉ. विपिन चन्द्र आदर्श की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।
वीडियोग्राफी के बीच किया अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद वीडियोग्राफी के बीच बाघ का दाह संस्कार किया गया और सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रयोगशाला जांच के नतीजे आने के बाद ही बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण पता चल सकेगा। वन विभाग की टीम आसपास के जंगल में जांच जारी रखे हुए है।




















