Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर की अरबिंदो यूनिवर्सिटी में मधुमक्खियों का हमला, एनुअल फेस्ट में मची भगदड़; 20 स्टूडेंट्स घायल, 9 ICU में भर्ती

इंदौर की अरबिंदो यूनिवर्सिटी में एनुअल फेस्ट हार्मोनी के दौरान मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई। करीब 20 स्टूडेंट्स घायल हुए जिनमें 9 को ICU में भर्ती कराया गया।
इंदौर की अरबिंदो यूनिवर्सिटी में मधुमक्खियों का हमला, एनुअल फेस्ट में मची भगदड़; 20 स्टूडेंट्स घायल, 9 ICU में भर्ती
इंदौर की अरबिंदो यूनिवर्सिटी में मधुमक्खियों का हमला

इंदौर। शहर की अरबिंदो यूनिवर्सिटी में गुरुवार दोपहर एनुअल फेस्ट 'हार्मोनी' के दौरान मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां कार्यक्रम स्थल पर मौजूद स्टूडेंट्स पर टूट पड़ीं। जान बचाने के लिए छात्र इधर-उधर भागने लगे। कुछ ने सिर पर चुन्नी और कपड़े डालकर खुद को बचाने की कोशिश की, जबकि कई कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिप गए। घटना में करीब 20 स्टूडेंट्स घायल हुए हैं। इनमें से 9 को ICU में भर्ती कराने की जानकारी सामने आई है। सभी स्टूडेंट्स मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं।

पटाखे से प्रभावित हुआ मधुमक्खियों का छत्ता

जानकारी के मुताबिक यूनिवर्सिटी परिसर में गुरुवार को एनुअल फेस्ट 'हार्मोनी' का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम के दौरान पटाखे फोड़े गए। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, पटाखे के कारण मधुमक्खियों का छत्ता प्रभावित हो गया। इसके बाद मधुमक्खियां अचानक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद स्टूडेंट्स पर हमला करने लगीं। मधुमक्खियों के हमले से कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। छात्र अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

वीडियो में जान बचाने के लिए भागते दिखे स्टूडेंट्स

घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें स्टूडेंट्स मधुमक्खियों से बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। कुछ छात्र सिर पर चुन्नी और कपड़ा डालकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कई कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिपकर बैठे नजर आ रहे हैं। अचानक हुए हमले से छात्रों में दहशत फैल गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए स्टूडेंट्स को जहां जगह मिली, वे वहीं छिपने की कोशिश करने लगे।

सिर, चेहरे और गर्दन पर लगे मधुमक्खियों के डंक

हमले में घायल स्टूडेंट्स को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मधुमक्खियों ने छात्रों के सिर, चेहरे, हाथ और गर्दन सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर डंक मारे। अस्पताल में प्रभावित स्टूडेंट्स को इंजेक्शन लगाए गए और उनका उपचार शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार, करीब 20 छात्र मधुमक्खियों के हमले से घायल हुए हैं। इनमें से 9 को ICU में भर्ती कराया गया।

कॉलेज प्रबंधन का दावा- अब सभी छात्र स्वस्थ

घटना को लेकर कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पटाखे फोड़ने से मधुमक्खियों का छत्ता प्रभावित हुआ था। इसके बाद मधुमक्खियों ने कुछ छात्रों को डंक मार दिए। प्रबंधन का दावा है कि अब सभी छात्र स्वस्थ हैं। हालांकि, 9 छात्रों को ICU में भर्ती कराने की जानकारी भी सामने आई है।

इंदौर में 'बच्चे के पेट में बच्चा'! 30 दिन के मासूम के शरीर से निकाला दूसरा भ्रूण, 4 घंटे की जटिल सर्जरी से बची जान

कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

एनुअल फेस्ट के दौरान हुई इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विशेष रूप से बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के बीच पटाखे फोड़ने और आसपास मधुमक्खियों के छत्ते होने की स्थिति में सुरक्षा सावधानियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts