Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इटली के 300 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, स्कॉटलैंड- उत्तरी आयरलैंड के स्कूलों को भी मिले ईमेल

इटली के 300 स्कूलों को एक जैसा धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कई स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया। वहीं, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के 700 से ज्यादा स्कूलों को भी बम धमकी वाले संदेश मिले हैं।
इटली के 300 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, स्कॉटलैंड- उत्तरी आयरलैंड के स्कूलों को भी मिले ईमेल
इटली में 300 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

यूरोप में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इटली में बुधवार को कम से कम 300 स्कूलों को एक जैसा बम धमकी वाला संदेश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर कई स्कूलों को खाली कराया गया और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इस बीच स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के 700 से ज्यादा स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, शुरुआती जांच में किसी ठोस खतरे के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस और साइबर क्राइम विशेषज्ञ इन संदेशों के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।

इटली में 300 स्कूलों को मिली बम की धमकी, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

इटली के शिक्षा मंत्री ग्यूसेप वाल्दितारा ने बताया कि देशभर के करीब 300 स्कूल बम धमकी से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित स्कूलों की संख्या बढ़ सकती है। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था लागू की। रोम के एक स्कूल ने बच्चों के अभिभावकों को ईमेल भेजकर बताया कि सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और वे शिक्षकों की निगरानी में हैं। स्कूल की ओर से भेजे गए संदेश में कहा गया कि देशभर में बम धमकी मिलने के बाद बच्चों को सुरक्षित जगह पर रखा गया है। इस सूचना के बाद अभिभावकों में चिंता बढ़ गई।

एक ही ईमेल से मचा हड़कंप, किसके नाम से भेजा गया संदेश?

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा धमकी भरे ईमेल की हो रही है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, स्कूलों को भेजे गए संदेश पर 'मिखाइल एंड्रोपोव, लीडर ऑफ द विलायत ऑफ मिसोजिनिस्तान' के नाम से हस्ताक्षर किए गए थे। हालांकि, इस नाम और संदेश के पीछे कौन है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। रोम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या सभी स्कूलों को एक ही स्रोत से ईमेल भेजे गए थे या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है।

इटली के 6,300 स्कूलों तक पहुंची धमकी की खबर

इटली में इस मामले को लेकर अलग-अलग स्तर पर सुरक्षा जांच की जा रही है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, देशभर में करीब 6,300 स्कूलों को बम धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, शिक्षा मंत्री ने शुरुआती तौर पर 300 स्कूलों के प्रभावित होने की बात कही थी। कई इमारतों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों की जांच की। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फेसबुक पर कहा कि अब तक की जांच में किसी ठोस खतरे के सबूत नहीं मिले हैं।

स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के 700 से ज्यादा स्कूल भी निशाने पर

बम धमकी का मामला सिर्फ इटली तक सीमित नहीं है। स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के 700 से ज्यादा स्कूलों को भी धमकी भरे संदेश मिले हैं। स्कॉटलैंड की शिक्षा सचिव मैरी मैकएलन ने कहा कि आम लोगों के लिए फिलहाल कोई खतरा नहीं है। साइबर क्राइम से जुड़े विशेषज्ञ इन ईमेल की जांच कर रहे हैं और उनके स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अभिभावक और स्थानीय प्रतिनिधि होने के नाते वह समझ सकती हैं कि इस तरह की खबरों से बच्चों, माता-पिता, देखभाल करने वालों और स्कूल कर्मचारियों को कितनी चिंता होती है। उत्तरी आयरलैंड के शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि जब तक पुलिस की ओर से कोई अलग आदेश न मिले, तब तक वे खुले रहें।

स्कॉटिश पुलिस ने धमकियों को बताया फर्जी

स्कॉटलैंड पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इन धमकियों को फर्जी बताया है। पुलिस के अनुसार, ईमेल मिलने के तुरंत बाद उनका आकलन किया गया था और शुरुआती स्तर पर इन्हें झूठी चेतावनी माना गया। हालांकि, कुछ स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों ने एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराने की पुष्टि की है।

यूरोप में बढ़ रही हाइब्रिड वॉरफेयर की चिंता

यूरोप में इन घटनाओं के बीच हाइब्रिड वॉरफेयर यानी मिश्रित युद्ध का मुद्दा भी चर्चा में है। इसमें किसी देश या समाज को अस्थिर करने के लिए साइबर हमले, फर्जी सूचनाएं, धमकियां और मनोवैज्ञानिक दबाव जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हाल के समय में यूरोप में सुपरमार्केट, ब्लड बैंक, एयर ट्रैफिक सिस्टम और टीवी प्रसारण सेवाओं को भी निशाना बनाए जाने की घटनाओं को लेकर चिंता जताई गई है। ऐसी गतिविधियों का उद्देश्य केवल किसी संस्थान को नुकसान पहुंचाना नहीं होता, बल्कि आम लोगों के बीच डर और अविश्वास पैदा करना भी हो सकता है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts