तमिलनाडु में 'विजय' सरकार तय!120 विधायकों के समर्थन से CM बनने का रास्ता साफ, राज्यपाल ने दी अनुमति; कल होगा शपथ ग्रहण

तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। शनिवार को VCK और IUML ने उनकी पार्टी TVK को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान कर दिया। दोनों पार्टियों के 2-2 विधायक हैं और इनके समर्थन के बाद विजय के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन पहुंच गया है। इसके साथ ही राज्य में पिछले चार दिनों से चल रहा राजनीतिक सस्पेंस खत्म होता नजर आ रहा है। TVK ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, जिसके बाद राज्यपाल की ओर से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। अब माना जा रहा है कि विजय सरकार का शपथ ग्रहण रविवार को हो सकता है।
दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दो साल पुरानी TVK ने बड़ा उलटफेर करते हुए DMK और AIADMK जैसी दिग्गज पार्टियों को पीछे छोड़ दिया। पार्टी ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने में सफलता हासिल की। हालांकि विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक सीट छोड़नी होगी, जिसके बाद पार्टी की संख्या 107 रह जाएगी।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में विजय की धमाकेदार एंट्री : सरकार बनाने का रास्ता साफ, इन 3 दलों के समर्थन से मिला बहुमत
चुनाव में DMK गठबंधन के साथ उतरी कांग्रेस ने 5 सीटें जीती थीं। नतीजों के बाद कांग्रेस ने DMK से अलग होकर विजय को समर्थन देने का फैसला किया और TVK को समर्थन देने वाली पहली पार्टी बनी। इसके बाद वामदलों ने भी अपने 4 विधायकों के साथ विजय का समर्थन कर दिया।
नेहरू स्टेडियम में हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह
विजय के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां भी तेज हो गई हैं। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए यह कार्यक्रम किसी बड़े फिल्मी इवेंट जैसा नजर आ सकता है। जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को तैयार किया जा रहा है। स्टेडियम की बुकिंग और प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। हालांकि अंतिम फैसला औपचारिक मंजूरी के बाद लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: TVK के साथ आई कांग्रेस : थलापति विजय को दिया समर्थन, शर्त ने बढ़ाया सियासी सस्पेंस
राज्यपाल से मुलाकात के बाद बढ़ीं सरकार गठन की चर्चाएं
तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ रही है। TVK प्रमुख विजय ने शनिवार देर शाम तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इसके बाद सरकार गठन और शपथ ग्रहण को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय इससे पहले भी दो बार राज्यपाल से मिल चुके हैं। पहली मुलाकात में उन्होंने वोट प्रतिशत से जुड़ा डेटा सौंपा था, जबकि दूसरी मुलाकात में 107 विधायकों के समर्थन का पत्र दिया गया था। अब दावा किया जा रहा है कि उनके पास 120 विधायकों का समर्थन है, जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत हो गई है।
बताया जा रहा है कि इस बार विजय अकेले नहीं पहुंचे थे। उनके साथ कांग्रेस, CPI, CPI(M) और अन्य सहयोगी दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, अगर सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया जा सकता है।











