सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर विदिशा में कांग्रेस का प्रदर्शन, बेरीकेड्स टूटे तो पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

विदिशा।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के घेराव के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गांधी प्रतिमा के सामने दिया धरना
प्रदर्शन की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रतिमा के समक्ष धरने से हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी प्रतिमा के सामने बैठ गए। धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने और लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। धरने को पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा, पूर्व विधायक निशंक जैन, पान बाई, कमल सिलाकारी, रणधीर सिंह, महेंद्र वर्मा, सुभाष बोहत, रानी अहिरवार और प्रियंका किरार सहित वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। धरने का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा ने किया।
ये भी पढ़ें: चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन ने बनाया प्लान; 2 से 8 अक्टूबर तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’, 6 को दिल्ली में प्रदर्शन
मुखौटों और प्रतीकात्मक अर्थियों के साथ प्रदर्शन
धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ा। कार्यकर्ता हाथों में चुनाव आयुक्त के खिलाफ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर और जोरदार नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च कर रहे थे। प्रदर्शन को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए कुछ कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के नाम पर भालू का मुखौटा पहन रखा था। उसके गले में जंजीर बांधी गई थी, जिसे नरेंद्र मोदी और अमित शाह के मुखौटे लगाए कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग पर राजनीतिक दबाव का प्रतीक बताते हुए प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान तीन प्रतीकात्मक अर्थियां भी निकाली गईं। इन अर्थियों पर ‘लोकतंत्र के हत्यारों’ की तख्तियां लगाई गई थीं। कार्यकर्ताओं ने तीनों अर्थियों को आग के हवाले कर दिया।
बेरीकेड्स तोड़कर आगे बढ़े कार्यकर्ता
जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काफिला जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ा, भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने तीन स्थानों पर बेरीकेड्स लगाए थे। कार्यकर्ता बेरीकेड्स तोड़ते हुए आगे बढ़ते गए। पुलिस ने दूसरे बेरीकेड्स पर कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया, जिससे अफरातफरी मच गई और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कार्यकर्ता आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। कुछ समय तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें: एक अक्टूबर को बालाघाट आएंगे राहुल गांधी, मृत बच्चों के परिजनों से करेंगे मुलाकात
कांग्रेस नेताओं ने कहा- चुनाव आयोग की निष्पक्षता सर्वोपरि
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की निष्पक्षता सर्वोपरि है। प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रहलाद सिंह रघुवंशी, इंदर सिंह यादव, पंकज जैन, लक्ष्मण सिंह रघुवंशी, चैतन्य विक्रम सिंह, अजय दांतरे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू, रिंकी रघुवंशी, सुशील शर्मा, गोविन्द भार्गव, अर्पित उपाध्याय, नीतू सिंह राजपूत, शरद शर्मा, रमेश तिवारी, मजाज मोहम्मद, रूप सिंह किरार, जिनेश जैन, रामराज दांगी, आशीष माहेश्वरी, विनीत दांगी, अशद खान, नितेश राजा यादव, नितिन दुबे, जगदीश व्यास, नरेंद्र शर्मा, राजेश दुबे, सुजीत देवालिया, अनुज यादव, सुधीर उपाध्याय, जफर शेख, प्रसंग जैन, आकाश शर्मा, पार्थ रघुवंशी, सचिन शर्मा और राहुल रघुवंशी सहित अनेक लोग शामिल हुए।




















