Aashirvad Sooryavanshi :वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई ने दूसरा तूफानी शतक जड़कर फिर लूटी महफिल, 119 गेंदों में ठोके 168 रन

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट में कम उम्र में पहचान बना चुके वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी तेजी से सुर्खियां बटोर रहे हैं। महज 10 साल की उम्र में आशीर्वाद ने एक स्थानीय टूर्नामेंट में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 119 गेंदों पर 168 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस विस्फोटक पारी में 19 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।
इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया अपडेट
आशीर्वाद ने बुधवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उनकी दमदार बल्लेबाजी की बदौलत ऋषभ-11 टीम ने समस्तीपुर में खेले गए मुकाबले में वैशाली-11 को हराया। क्रिकेट प्रेमियों के बीच उनकी इस पारी की खूब चर्चा हो रही है।

लगातार दूसरी बड़ी पारी में शतक
यह पहला मौका नहीं है जब आशीर्वाद ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया हो। इससे पहले भी उन्होंने बिरौली के खिलाफ मैच में 87 गेंदों पर 103 रन बनाए थे। उस शतकीय पारी में 20 चौके और एक छक्का शामिल था।
लगातार दो बड़ी पारियां खेलने के बाद माना जा रहा है कि आशीर्वाद भी अपने बड़े भाई वैभव की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उनके पिता संजीव सूर्यवंशी पहले ही कह चुके हैं कि वे आशीर्वाद को भी आने वाले दो वर्षों में एक बेहतरीन क्रिकेटर के रूप में तैयार करना चाहते हैं। फिलहाल आशीर्वाद बिहार में क्रिकेट की नियमित ट्रेनिंग ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को मिली टीम इंडिया की जर्सी : कहा- शब्द कम पड़ गए इस क्षण के लिए, आज एक सपना पूरा हुआ है...
आशीर्वाद तीन भाइयों में सबसे छोटे
सूर्यवंशी परिवार में तीन भाई हैं। सबसे बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी हैं, जबकि वैभव दूसरे नंबर पर और आशीर्वाद सबसे छोटे हैं। परिवार ने तीनों बच्चों के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
पिता संजीव सूर्यवंशी और मां आरती सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित किया। यही वजह है कि कम उम्र में ही दोनों भाइयों ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
वैभव जैसी अटैकिंग बैटिंग करते हैं
आशीर्वाद दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। हालांकि दोनों भाइयों की बल्लेबाजी शैली काफी हद तक मिलती-जुलती है। आशीर्वाद भी अपने बड़े भाई की तरह आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं। उनकी शानदार टाइमिंग, बेहतरीन शॉट चयन और बड़े शॉट खेलने की क्षमता उन्हें अन्य युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
टीम इंडिया की जर्सी देख इमोशनल हुए वैभव
वैभव सूर्यवंशी के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। 15 वर्षीय बल्लेबाज पहली बार सीनियर टीम इंडिया के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर रवाना हुए। दौरे से पहले जब उन्हें भारतीय टीम की जर्सी सौंपी गई तो वे काफी इमोशनल हो गए। उन्होंने कहा... इस पल को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है, क्योंकि यह उनके बचपन के सपने के सच होने जैसा है।
यह भी पढ़ें: 27 करोड़ के ऋषभ पंत 15 करोड़ में दिल्ली से जुड़े : कुलदीप यादव लखनऊ की जर्सी में दिखेंगे, ट्रेड डील में हुई अदला- बदली
3 नंबर की मिली जर्सी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की नंबर-3 जर्सी दी गई है। यह जर्सी भारतीय टीम के थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु द्विवेदी ने उन्हें सौंपी। जर्सी लेते समय वैभव ने सबसे पहले रघु के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने जर्सी हाथ में ली और काफी देर तक उसे देखते रहे। इस भावुक पल का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।
वैभव भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा
इस समय वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। साथ ही एशियाई खेलों की टीम में भी जगह मिली है।
15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में चयनित होकर वैभव भारत के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर उनके छोटे भाई आशीर्वाद पर भी टिक गई है, जो कम उम्र में ही बड़े कारनामे करने लगे हैं।











