वैभव सूर्यवंशी को मिली टीम इंडिया की जर्सी :कहा- शब्द कम पड़ गए इस क्षण के लिए, आज एक सपना पूरा हुआ है...

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। 15 वर्षीय बल्लेबाज पहली बार सीनियर टीम इंडिया के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर रवाना हुए। दौरे से पहले जब उन्हें भारतीय टीम की जर्सी सौंपी गई तो वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि इस पल को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है, क्योंकि यह उनके बचपन के सपने के सच होने जैसा है।
कौनसे नंबर की मिली जर्सी?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की नंबर-3 जर्सी दी गई। यह जर्सी भारतीय टीम के थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु ने उन्हें सौंपी। जर्सी लेते समय वैभव ने सबसे पहले रघु के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने जर्सी हाथ में ली और काफी देर तक उसे देखते रहे। इस भावुक पल का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।
मेरे करियर का अब तक का सबसे बड़ा क्षण- वैभव
जर्सी मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि जिस दिन उन्होंने पहली बार बल्ला हाथ में लेकर क्रिकेट खेलना शुरू किया था,उसी दिन से टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना देखा था। अब वह सपना पूरा होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा क्षण है और इसकी खुशी को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।
यह भी पढ़ें: भारत को डबल झटका! हार्दिक के बाद अब नीतीश भी चोटिल, आयरलैंड दौरे से हुए बाहर; इंग्लैंड दौरे पर भी सस्पेंस
26 जून से शुरू हो रहा आयरलैंड दौरा
वैभव को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया गया है। वे भारत की राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हैं। भारतीय टीम 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच खेलेगी, जबकि इसके बाद 1 जुलाई से इंग्लैंड दौरे की शुरुआत होगी। युवा खिलाड़ी के रूप में वैभव पर सभी की नजरें रहेंगी।
मैदान पर उतरते ही तोड़ देंगे मास्टर ब्लास्टर का रिकॉर्ड
अगर वैभव आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ किसी भी मैच में मैदान पर उतरते हैं तो वे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकते हैं। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 : फुटबॉल वर्ल्ड कप में लियोनेल मेसी ने इतिहास रचा, सबसे ज्यादा गोल मारने वाले प्लेयर बने
IPL 2026 के सबसे यंग टॉप स्कोरर
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। इसके अलावा वे आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी भी बने।











