Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IND vs NZ 2nd ODI: भारत ने DLS नियम से न्यूजीलैंड को 3 विकेट से हराया, गुरनूर बरार ने झटके 4 विकेट

बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के आधार पर न्यूजीलैंड को 3 विकेट से शिकस्त दी।
IND vs NZ 2nd ODI: भारत ने DLS नियम से न्यूजीलैंड को 3 विकेट से हराया, गुरनूर बरार ने झटके 4 विकेट

वेलिंगटन में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवर में महज 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत के सामने जीत के लिए 135 रनों का लक्ष्य था।

लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी भारतीय टीम ने 26 ओवर में 7 विकेट खोकर 113 रन बना लिए थे। तभी बारिश ने खेल में खलल डाल दिया। काफी इंतजार के बावजूद मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। इसके बाद DLS नियम के आधार पर मैच का परिणाम घोषित किया गया।

भारत ने निर्धारित स्कोर से 4 रन अधिक बनाए

DLS गणना के अनुसार, 26 ओवर का खेल पूरा होने तक भारत का निर्धारित पार स्कोर 109 रन था। इसके मुकाबले भारतीय टीम 113 रन बना चुकी थी। यानी भारत ने निर्धारित स्कोर से 4 रन अधिक बनाए थे। इसी बढ़त के चलते टीम इंडिया को 3 विकेट से विजेता घोषित किया गया।

भारतीय गेंदबाज गुरनूर बरार इस जीत के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 30 रन देकर न्यूजीलैंड के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं, न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली।

न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 134 रन पर समेटा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला वेलिंगटन रीजनल स्टेडियम में खेला गया। बारिश के चलते मैच निर्धारित समय से करीब एक घंटे बाद शुरू हुआ। भारतीय समयानुसार मुकाबले का टॉस सुबह 7 बजे होना था, जबकि खेल 7:30 बजे शुरू होना तय था।

हालांकि, मौसम की बाधा के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारतीय गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 134 रन पर समेट दिया। अब टीम इंडिया को जीत के लिए 135 रन बनाने हैं। बारिश के कारण मुकाबले में दोनों टीमों को 47-47 ओवर खेलने थे।

भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस किवी बल्लेबाज

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही मेजबान टीम पर दबाव बना दिया। न्यूजीलैंड ने महज 23 रन के भीतर अपने तीन प्रमुख विकेट गंवा दिए। आकिब नबी ने टिम सीफर्ट को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने विल यंग को 6 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। हेनरिक निकोल्स भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। अंशुल कंबोज ने उन्हें 11 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया।

शुरुआती झटकों के बाद डेरिल मिशेल और टॉम लैथम ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया, लेकिन 20वें ओवर में गुरनूर बरार ने लगातार दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने पहले टॉम लैथम को 7 रन और फिर ग्लेन फिलिप्स को बिना खाता खोले आउट किया। इस तरह न्यूजीलैंड की आधी टीम 53 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी।

डेरिल मिशेल ने लगाया अर्धशतक

लगातार विकेट गिरने के बीच डेरिल मिशेल और मिचेल सेंटनर ने पारी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए उपयोगी अर्धशतकीय साझेदारी की। मिशेल ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, 112 रन के कुल स्कोर पर उनकी पारी समाप्त हो गई।

डेरिल मिशेल ने 104 गेंदों का सामना करते हुए 55 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। मिशेल के आउट होने के बाद न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी फिर लड़खड़ा गई। मिचेल सेंटनर 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि काइल जैमीसन और नेथन स्मिथ क्रमशः 1 और 3 रन ही बना सके।

अंशुल कंबोज ने 41वें ओवर की अंतिम गेंद पर ब्लेयर टिकनर को बोल्ड कर न्यूजीलैंड की पारी का अंत कर दिया। टिकनर ने 2 रन बनाए। इस तरह पूरी कीवी टीम 134 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत और न्यूजीलैंड की टीमों का स्क्वॉड

भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), नमन धीर, मोहम्मद सिराज, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, आकिब नबी, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार।

न्यूजीलैंड स्क्वॉड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, जैकब डफी, मैट हेनरी, विल यंग, माइकल ब्रेसवेल, काइल जैमीसन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, ब्लेयर टिकनर, नेथन स्मिथ और मैथ्यू फिशर।

सीरीज में भारत के पास बढ़त मजबूत करने का मौका

पांच मैचों की इस वनडे सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 1-0 से आगे है। दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज करके टीम इंडिया अपनी बढ़त को 2-0 करना चाहेगी। वहीं न्यूजीलैंड की कोशिश घरेलू मैदान पर वापसी करते हुए सीरीज को बराबरी पर लाने की होगी। अब मुकाबले का नतीजा इस बात पर निर्भर करेगा कि भारतीय बल्लेबाज 135 रनों के लक्ष्य को कितनी आसानी से हासिल कर पाते हैं।

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

Latest Posts