अमेरिका के 3 जंगलों में आग से भारी तबाही : 3000 एकड़ में फैली... रिहायशी इलाकों में तेजी से फैल रही, हजारों लोगों ने छोड़ा घर; कई इमारतें खाक

वॉशिंगटन। अमेरिका के कैलिफोर्निया में लॉस एंजिलिस के पास तीन जंगलों में भीषण आग लग गई। यह आग पेसिफिक पैलिसेड्स, ईटन और हर्स्ट के जंगलों में लगी और अब रिहायशी इलाकों तक फैल रही है। इस आग के कारण अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है और 70,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। हजारों इमारतें आग की चपेट में आ चुकी हैं और जलकर राख हो गई हैं।
पेसिफिक पैलिसेड्स में सुबह 10 बजे, ईटन में शाम 6 बजे और हर्स्ट में रात 10 बजे आग लगी। यह आग अब तेजी से शहर की ओर बढ़ रही है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
आग से सबसे ज्यादा ये इलाका प्रभावित
बताया जा रहा है कि आग लगने की घटना सबसे पहले मंगलवार (7 जनवरी) को सामने आई थी, जो तब से लेकर अब तक तेजी से फैल रही है। आग ने सबसे ज्यादा पैसिफिक पैलिसेड्स इलाके में नुकसान पहुंचाया है, जहां आग डेढ़ दिनों में 5000 एकड़ से ज्यादा इलाके में फैल गई है। यह इलाका लॉस एंजिल्स के पूर्व में सांता मोनिका और मालिबू के समुद्र तटीय शहरों के बीच स्थित है। यहां पर कई फिल्म, टेलीविजन और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े सितारों का घर है। इस आग की वजह से 30 हजार से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेसिफिक पैलिसेड्स में आग एक मिनट में पांच फुटबॉल मैदान जितनी जगह को जला रही है। लॉस एंजिलिस प्रशासन ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। यह अमेरिका का सबसे ज्यादा आबादी वाला काउंटी है, जहां करीब 1 करोड़ लोग रहते हैं। जंगल में फैल रही आग की वजह से करीब 50 हजार लोगों को तुरंत अपना घर छोड़ने के लिए कहा गया है। कैलिफोर्निया प्रशासन ने प्रभावित इलाके में जाने से मना किया है। इस बीच, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आर्थिक मदद की घोषणा की है। देखें वीडियो...











