Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'पहले नौकरी के नाम पर होती थी वसूली', सीएम योगी ने अखिलेश और शिवपाल को घेरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर निशाना साधा। उन्होंने पिछली सरकारों पर नौकरी के नाम पर वसूली करने और प्रदेश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि पहले नौकरी निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली पर निकल जाती थी।
'पहले नौकरी के नाम पर होती थी वसूली', सीएम योगी ने अखिलेश और शिवपाल को घेरा

लखनऊ। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अराजकता आम बात थी, लेकिन अब प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है। सरकार ने माफिया और नकल माफिया पर कार्रवाई कर निवेश के लिए बेहतर माहौल बनाया है। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई, युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और दो करोड़ टैबलेट बांटने के लक्ष्य को लेकर भी अपनी बात रखी।

माफियाओं पर कार्रवाई से बदली प्रदेश की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले निवेशक उत्तर प्रदेश में आने से डरते थे, लेकिन अब प्रदेश में निवेश का माहौल बदला है। उनकी सरकार ने माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया है और नकल माफिया को भी खत्म किया गया है। सीएम योगी ने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं को बिना किसी भेदभाव और वसूली के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिल रही है।

ये भी पढ़ें: सीएम योगी का ऐलान, पूर्व सैनिकों को 50 लाख तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में छूट; वीरता पुरस्कार की राशि दोगुनी

ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई में यूपी के युवाओं को प्राथमिकता

लखनऊ में स्थापित ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर से पहले इसके लिए जमीन दी गई थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इकाई का उद्घाटन करना था, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान व्यस्त होने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री से उद्घाटन करने को कहा। सीएम योगी ने बताया कि जमीन देने से पहले उनकी DRDO के अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। उन्होंने अधिकारियों के सामने शर्त रखी थी कि जमीन मुफ्त में दी जाएगी, लेकिन रोजगार देने में उत्तर प्रदेश के कॉलेजों से पढ़े युवाओं को प्राथमिकता देनी होगी।

दो करोड़ टैबलेट बांटने का रखा गया लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने टैबलेट पाने वाले छात्र-छात्राओं से कहा कि वे इसका इस्तेमाल पढ़ाई और नई चीजें सीखने के लिए करें। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में जब स्कूल-कॉलेजों की पढ़ाई प्रभावित हुई थी, तब सरकार ने तय किया था कि इसका असर बच्चों के भविष्य पर नहीं पड़ने दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से प्रदेश में दो करोड़ टैबलेट बांटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। सरकार का मकसद युवाओं को तकनीक से जोड़कर उनकी पढ़ाई को बेहतर बनाना है।

लखनऊ मंडल के 53 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को मिले टैबलेट

सीएम योगी ने बताया कि टैबलेट वितरण योजना के पहले चरण में पांच लाख टैबलेट बांटे गए थे। रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ मंडल के चार जिलों के 53 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे इन उपकरणों का इस्तेमाल दुनिया की नई जानकारियां हासिल करने, जरूरी सूचनाएं सुरक्षित रखने और अपनी पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए करें।

Breaking News

युवाओं में बजरंगबली जैसी ताकत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उनके अंदर बजरंगबली जैसी ताकत है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली को भी कई बार उनकी ताकत का एहसास कराना पड़ता था। इसी तरह युवाओं को भी अपनी क्षमता और सामर्थ्य को पहचानने की जरूरत है। सीएम ने बताया कि देश की कुल आबादी में करीब 56 फीसदी युवा हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की लगभग 60 फीसदी आबादी युवाओं की है। सरकार युवाओं को उनकी ताकत का एहसास कराने और आगे बढ़ने के अवसर देने का काम कर रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts