अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ पर फायरिंग की साजिश नाकाम, दो शार्पशूटर गिरफ्तार; विदेशी गैंगस्टर के इशारे पर रची गई थी प्लानिंग

अमृतसर। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को निशाना बनाकर बड़ी वारदात करने की तैयारी थी। दिल्ली पुलिस ने इस साजिश का खुलासा करते हुए दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के संपर्क में थे और उसके निर्देश पर अलग-अलग शहरों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले थे। उनकी योजना मुंबई में अमिताभ बच्चन के आवास पर फायरिंग करने के साथ दिल्ली में एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने की भी थी।
मुंबई और दिल्ली में वारदात के लिए बांटी गई थीं जिम्मेदारियां
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दीपक सिंह को मुंबई में लंबे समय तक रुककर अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर फायरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं विकास ठाकुर को दिल्ली भेजा गया था, जहां उसे एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए गोलीबारी करनी थी। इस वारदात में दीपक को भी शामिल होना था। दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य ने बताया कि पुलिस ने दोनों की योजना को समय रहते विफल कर दिया।
विकास की गिरफ्तारी से खुला मुंबई कनेक्शन
पुलिस ने सबसे पहले विकास ठाकुर को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ और मिली जानकारी के आधार पर मुंबई में कार्रवाई की गई, जहां से दीपक सिंह को भी पकड़ लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि दीपक अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था। इस हत्याकांड में उसका साथी पलविंदर सिंह उर्फ काका पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के विदेशी गैंगस्टर से संपर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की कड़ियां खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा पर किसका मालिकाना हक? अजिताभ की पत्नी रामोला ने 1993 की गिफ्ट डीड को दी चुनौती
1984 के दंगों से जुड़े कथित बयान को बताया जा रहा निशाना बनाने की वजह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विदेश में बैठा गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक कथित बयान को लेकर अमिताभ बच्चन से नाराज था। कुछ सिख संगठनों और दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर बच्चन ने भीड़ को उकसाने वाले नारे लगाए थे। हालांकि, अमिताभ बच्चन इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। इस कथित घटना का कोई आधिकारिक वीडियो भी सामने नहीं आया है।
आरोपों का कानूनी स्तर पर भी खंडन कर चुके हैं अमिताभ
अक्टूबर 2014 में अमेरिका की एक अदालत में भी इस मामले को लेकर मुकदमा दायर किया गया था। अमिताभ बच्चन ने कानूनी स्तर पर इन आरोपों का खंडन किया था। भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने उन्हें इस मामले में आरोपी नहीं बनाया है। पुलिस की मौजूदा जांच में 1984 के दंगों से जुड़े इसी विवाद को विदेशी गैंगस्टर की कथित नाराजगी और अमिताभ को निशाना बनाने की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इस साजिश के पीछे की पूरी भूमिका और आरोपियों को मिले निर्देशों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें: मुंबई में बम धमाकों की धमकी: मेयर ऑफिस से अमिताभ बच्चन के जलसा तक निशाना, ईमेल में खालिस्तान का जिक्र, जांच शुरू
‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकियां, दिलजीत दोसांझ का भी आया था नाम
अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को लेकर पिछले कुछ समय से धमकियां मिल रही हैं। 6 नवंबर को उनके आवास को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए ईमेल में भी बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इस संदेश में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र था। ईमेल में दावा किया गया था कि अमिताभ के पैर छूने के कारण दिलजीत को 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले में मार दिया जाएगा। वहीं, 18 अक्टूबर को जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।




















