यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर कम होने का दावा, कार्यकर्ताओं से बोले सीएम योगी- एक महीने वोटर बनाने में जुट जाइए

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं। वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और आपसी नाराजगी दूर करने की नसीहत दी। बैठक में SIR/SSR को लेकर संगठन की रणनीति पर चर्चा हुई।
SIR को लेकर BJP की बड़ी बैठक, योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में SIR/SSR को लेकर संगठन की रणनीति पर मंथन किया गया और मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा समझाई।
ये भी पढ़ें: यूपी की वोटर लिस्ट से एक करोड़ से ज्यादा हिंदू मतदाताओं के नाम गायब, सीएम योगी का दावा
'एक महीने तक वोटर बनाने में जुटें कार्यकर्ता'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। उन्होंने अगले एक महीने तक नए मतदाता बनाने के अभियान में जुटने के निर्देश दिए। सीएम ने खास तौर पर महिला और युवा मतदाताओं पर ध्यान देने की बात कही। साथ ही कार्यकर्ताओं से हिंदू मतदाताओं के नाम अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सक्रिय रहने की अपील की।
यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर कम होने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIR से पहले और बाद की मतदाता सूचियों के आधार पर दावा किया था कि प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं। उनके मुताबिक, इनमें 66 लाख मतदाताओं के नाम पंचायत की मतदाता सूची में भी नहीं हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या बढ़ी है, जबकि हिंदू मतदाताओं की संख्या में कमी आई है।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और युवाओं के नाम भी गायब
सीएम योगी ने अपने दावे में कहा था कि मतदाता सूची से नाम गायब होने वालों में करीब 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल हैं। इसके अलावा 18 से 19 साल की उम्र के करीब साढ़े चार लाख युवाओं के नाम भी सूची में नहीं हैं। इन आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अभियान को गंभीरता से चलाने को कहा।
केशव प्रसाद मौर्य बोले- विरोधी गठबंधन सफल नहीं होंगे
बैठक में पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों के गठबंधन कभी सफल नहीं होंगे। मौर्य ने कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने की सलाह दी और संगठन के भीतर चल रही नाराजगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग निपटाने की प्रवृत्ति से बचें, क्योंकि सरकार ही नहीं रहेगी तो क्या कर लेंगे।
हिंदू वोटरों के नाम जुड़वाने पर BJP का फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम मतदाता सूची से गायब होने के दावे के बाद भाजपा ने इस मुद्दे पर सक्रियता बढ़ाई है। प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को SIR अभियान के तहत मतदाता सूची पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में संगठन की आगे की रणनीति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा हुई।




















