राहुल के आरोप से अलग हुए सैम पित्रोदा, बोले- PM मोदी फोन टैप नहीं कराते

नई दिल्ली। राहुल गांधी के आरोप से खुद को अलग करते हुए ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि PM फोन टैप कराते हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप का आरोप लगाया था। इससे हुए राजनीतिक हंगामे के बीच कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा है कि "PM ऐसा नहीं करते हैं।" एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू से यह बयान तब सामने आया है जब शुक्रवार को राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर अपनी निगरानी करने का गंभीर आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री को अपने साथ खुली बहस करने की चुनौती दी। पित्रोदा ने कहा- PM ऐसा नहीं करते। PM कोई पेचकस लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठ जाते।
पित्रोदा ने कहा- उनका फोन टैप होता है
हालांकि, पित्रोदा ने कहा- मेरा फोन टैप होता है। उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें किस पर शक है कि कौन उनका फोन टैप कर रहा है। पित्रोदा ने कहा- मेरे लैपटॉप पर हमले होते हैं और मेरे बैंक अकाउंट्स की निगरानी की जाती है। मैंने विशेषज्ञों से सलाह ली है और उन्होंने मेरे डिवाइस की जांच करने के बाद मुझे टैपिंग के बारे में आगाह किया है। कोई तो ऐसा कर रहा है। मुझे नहीं पता और मुझे परवाह भी नहीं है। मैं इसी के साथ रहता हूं। मुझे कोई दिक्कत नहीं है। आस-पास कुछ बुरे लोग हैं। अब आप क्या कर सकते हैं।
मोदी से राजनीतिक मतभेद, व्यक्तिगत नहीं
सैम पित्रोदा ने कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करते हैं। उन्होंने मोदी को "साथी गुजराती" बताया और कहा कि उनके बीच के मतभेद राजनीतिक हैं, व्यक्तिगत नहीं। CNN-News18 के साथ एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि जो प्रधानमंत्री और उनके बीच दिवाली और गुजराती नव वर्ष की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के एक दिन बाद हुआ वह केवल एक शिष्टाचार है और इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। पित्रोदा ने कहा- मैं प्रधानमंत्री का सम्मान करता हूं और इसीलिए मैंने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वे एक साथी गुजराती हैं और यह केवल एक शिष्टाचार है। इसको लेकर कांग्रेस में उठ सकने वाली आपत्तियों के बारे में पित्रोदा ने कहा कि यह तय करना पार्टी का काम है कि उन्हें मोदी को शुभकामनाएं देने से कोई समस्या है या नहीं। अगर उन्हें इस बात से मुझसे कोई दिक्कत है, तो यह कांग्रेस की समस्या है। मुझे लगता है कि हमें यह शिष्टाचार दिखाना चाहिए और साथ मिलकर काम करना चाहिए, क्योंकि लोग हमसे यही उम्मीद करते हैं। आखिरकार, वे हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं।




















