शेख हसीना की दिसंबर में होगी वापसी? भारत ने बांग्लादेश के सामने रखीं दो शर्तें

नई दिल्ली। बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर शेख हसीना की वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अगस्त 2024 में सत्ता छोड़कर भारत आईं हसीना ने दिसंबर में अपने देश लौटने की इच्छा जताई है। BBC बांग्ला की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत उनकी वापसी के लिए रास्ता तैयार करने पर विचार कर रहा है। हालांकि, इसके लिए नई दिल्ली ने बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार के सामने दो शर्तें रखी हैं। भारत चाहता है कि हसीना की वापसी सुरक्षित तरीके से हो और वहां पहुंचने के बाद उन्हें अदालत में अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिले।
भारत ने वापसी के लिए रखीं दो शर्तें
BBC बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, भारत चाहता है कि शेख हसीना की वापसी की जिम्मेदारी बांग्लादेश की सेना संभाले। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा की पूरी गारंटी होनी चाहिए। भारत की दूसरी मांग है कि बांग्लादेश लौटने के बाद हसीना को निष्पक्ष सुनवाई का मौका मिले। उन्हें अदालत में अपना पक्ष रखने और मौत की सजा के खिलाफ अपील करने का अधिकार दिया जाए।
राहुल के आरोप से अलग हुए सैम पित्रोदा, बोले- PM मोदी फोन टैप नहीं कराते
बांग्लादेश की सेना कैसे वापस लाएगी हसीना?
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना ही हसीना को वापस ले जाने का इंतजाम करे। इसके लिए दो रास्तों पर विचार किया जा सकता है। पहला, बांग्लादेश की सेना अपना विमान दिल्ली भेजकर उन्हें वापस ले जाए। दूसरा, सेना के अधिकारी किसी तय जगह पर पहुंचकर उन्हें अपने साथ ले जाएं। गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना बांग्लादेश की सेना के विमान से ही भारत पहुंची थीं। अब उनकी वापसी में भी सेना की भूमिका अहम हो सकती है।
मौत की सजा के खिलाफ अपील का मौका चाहती है भारत सरकार
भारत की दूसरी शर्त हसीना के कानूनी मामले से जुड़ी है। रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली चाहती है कि बांग्लादेश सरकार उन्हें अपनी सजा के खिलाफ अपील करने का मौका दे। साथ ही 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामलों में निष्पक्ष सुनवाई हो। बांग्लादेश की अदालत ने पिछले साल नवंबर में हसीना को मौत की सजा सुनाई थी। वह इन आरोपों को खारिज करती रही हैं। भारत चाहता है कि उनकी सुरक्षा और कानूनी अधिकारों का ध्यान रखा जाए।
पासपोर्ट के लिए आवेदन कर चुकी हैं शेख हसीना
शेख हसीना ने 9 नवंबर को नए पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के लिए आवेदन किया था। भारत आने के बाद बांग्लादेश सरकार से उनका यह पहला आधिकारिक संपर्क माना जा रहा है। हालांकि, ढाका की ओर से इस पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया।
भारत ने खबर पर नहीं दिया कोई जवाब
13 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से हसीना की वापसी को लेकर सवाल किया गया। उनसे भारत की शर्तों के बारे में भी पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि उनके पास इस मामले में कुछ कहने के लिए नहीं है। BBC बांग्ला की रिपोर्ट में भी माना गया है कि इस वापसी के रास्ते में कई मुश्किलें आ सकती हैं। बांग्लादेश सरकार की ओर से भी भारत की कथित शर्तों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।




















