PlayBreaking News

सीहोर में अनोखा प्रदर्शन : बार-बार गुल हो रही बिजली, तपती दोपहर में किसान रोड पर भजन गाने बैठ गए

सीहोर जिले के गांवों में लगातार बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान है। बिजली कंपनी के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजदू समस्या का समाधान नहीं होने पर कुछ ग्रामीण तपती दोपहर में सड़क पर बैठ गए और बिजली देने के पैरोडी भजन गाने लगे।
Follow on Google News
बार-बार गुल हो रही बिजली, तपती दोपहर में किसान रोड पर भजन गाने बैठ गए
सीहोर में दोपहर में सड़क पर बैठकर भजन गाते ग्रामीण

सीहोर। जिले के अमलाहा सहित चंदेरी और बरखेड़ी गांवों में लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। रविवार को किसानों ने सीहोर-चंदेरी-बिलकिसगंज मार्ग पर अनोखा प्रदर्शन करते हुए सड़क पर बैठकर भजन-कीर्तन किया। ढोलक, मंजीरे और झांझ की थाप पर किसानों ने सरकार तक अपनी पीड़ा पहुंचाने की कोशिश की। वहीं अमलाहा में भी ग्रामीणों ने चक्का जाम कर 72 घंटे में बिजली व्यवस्था नहीं सुधरने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

नियमित बिजली सप्लाई की मांग

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम लेकर नियमित बिजली सप्लाई की मांग उठाई। ग्रामीणों ने भजन गाते हुए कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच रातभर बिजली गुल रहने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई प्रभावित हो रही है और गांवों में पानी का संकट भी बढ़ता जा रहा है।

ये भी पढ़ें: रामचरण ने बुमराह से मांगी माफी : मध्य प्रदेश को बिहार बताया, बोले भीड़ में उत्साह के बीच फिसली जुबान

भजन गाया...मोहन भैया हमारी सुन लीजिए

इस अनोखे आंदोलन की अगुवाई किसान एवं समाजसेवी एमएस मेवाड़ा ने की। उन्होंने विशेष भजन लिखकर ग्रामीणों के बीच प्रस्तुत किए। जैसे ही ढोलक की थाप शुरू हुई, पूरा इलाका हे प्रभु मोदी दाता, हमको बिजली दीजिए और मोहन भैया हमारी सुन लीजिए जैसे गीतों से गूंज उठा। राहगीर भी रुककर इस अनोखे प्रदर्शन को देखने लगे और कई लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। देखते ही देखते यह आंदोलन पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।

72 घंटे में व्यवस्था नहीं सुधरी तो उग्र आंदोलन 

इधर, अमलाहा क्षेत्र में भी बिजली संकट को लेकर जनाक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने डीसी कार्यालय पहुंचकर चक्का जाम किया और चेतावनी दी कि 72 घंटे में व्यवस्था नहीं सुधरी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल जिले में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें: बांधवगढ़ में बाघ का आतंक : घर के आंगन में सो रही महिला को मार डाला, बचाने पहुंचे पति-पिता और ससुर भी घायल

ग्रामीणों में बढ़ रहा लगातार गुस्सा 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से रात में घंटों बिजली काटी जा रही है। शिकायतों के बावजूद विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। फिलहाल सीहोर जिले में बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts