भोपाल में त्योहारों पर मिलावटखोरों की खैर नहीं, बसों-ट्रेनों में होगी मावा और पनीर की जांच

भोपाल में त्योहारों के दौरान लोगों को मिलावटी मावा, पनीर और मिठाइयों से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग विशेष जांच अभियान चलाएगा। इसके तहत बाहर से आने वाली बसों और ट्रेनों में खाद्य सामग्री की जांच की जाएगी। दशहरा, नवरात्र और दीपावली के दौरान मिठाई, दूध और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने को देखते हुए अधिकारियों को निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में सोमवार को कलेक्टोरेट में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम प्रकाश नायक ने की। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा उपभोक्ता प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जुलाई से अब तक 20 खाद्य नमूने असुरक्षित मिले
बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने प्रेजेंटेशन के जरिए जिले में खाद्य पदार्थों की जांच, नमूना संकलन, न्यायालयीन प्रकरणों और मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री की गतिविधियों की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार जुलाई से अब तक जिले में 337 रेगुलेटरी और 409 सर्विलांस नमूने लिए गए। इनमें से 20 नमूने असुरक्षित पाए गए। इस दौरान जब्त की गई खाद्य सामग्री की कीमत 32.40 लाख रुपये बताई गई। जब्त सामग्री में दूध, पनीर, मावा और अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। जिन खाद्य नमूनों की जांच में मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट से जुड़े मामलों में कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
तीन महीने में एडीएम कोर्ट में 68 मामले दर्ज
बैठक में बताया गया कि पिछले तीन महीनों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित कुल 68 प्रकरण एडीएम कोर्ट में दर्ज किए गए। इनमें से 13 मामलों का निराकरण किया जा चुका है। बैठक में अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देशों पर भी चर्चा हुई।
छिंदवाड़ा में राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर भाजपा ने किया पुष्पांजलि कार्यक्रम
बसों और ट्रेनों में आने वाली खाद्य सामग्री पर नजर
त्योहारों के दौरान दूसरे शहरों से भोपाल आने वाली खाद्य सामग्री की जांच के लिए विशेष निगरानी की योजना बनाई गई है। इसके तहत बसों और ट्रेनों से आने वाले मावा, पनीर तथा अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। दशहरा, नवरात्र और दीपावली के समय मिठाई, दूध-दही, पनीर, मावा, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को बाजारों और खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से भी किया जाएगा जागरूक
बैठक में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री के जरिए चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। इन गतिविधियों का उद्देश्य आम लोगों और खाद्य कारोबारियों को मिलावट के नुकसान, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना है। बैठक में ज्ञानोदय स्कूल और अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के भोजन में इल्ली और छिपकली मिलने से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। खाद्य सुरक्षा से संबंधित मामलों की निगरानी और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया गया।




















