सीएम डॉ. मोहन यादव बोले-कान्हा एशिया का सबसे बड़ा पार्क, वन्यजीवों का नैसर्गिक जीवन निहारने जरूर आएं
मंडला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कान्हा नेशनल पार्क वन्यजीवों की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा केंद्र है। यहां वन्य प्राणियों को उनके प्राकृतिक आवास में स्वच्छंद विचरण करते देखना अपने आप में खास अनुभव है। उन्होंने वन्यजीव प्रेमियों, पर्यटकों और नागरिकों से कम से कम एक बार कान्हा आकर प्रकृति और वन्यजीवों के नैसर्गिक जीवन को करीब से निहारने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के समृद्ध वन वन्यजीवों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास उपलब्ध करा रहे हैं। प्रदेश में बारहसिंगा को नया जीवन मिला है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्बसाहट परियोजना सफलता के साथ आगे बढ़ रही है।
जंगली भैंसों के पुनर्वास की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी सरकार के सहयोग से मध्यप्रदेश में जंगली भैंसों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के जंगलों में बाघ, तेंदुआ, मगरमच्छ, घड़ियाल और गिद्धों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्राकृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार वन, वन्यजीव और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इससे प्रदेश की जैव विविधता सुरक्षित रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने वन्यजीवों के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने वाले सभी लोगों को बधाई दी।
काफिला रुकवाकर स्कूल पहुंचे सीएम, बच्चों से किया आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हेलीपेड जाते समय एक निजी पब्लिक स्कूल के पास अपना काफिला रुकवाया और प्रार्थना सभा में शामिल विद्यार्थियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर बच्चे और शिक्षक उत्साहित हो गए। उस समय विद्यालय में बच्चों की नियमित प्रार्थना सभा चल रही थी। विद्यार्थियों को सबके कल्याण की प्रार्थना करते देख मुख्यमंत्री उनके बीच पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को दुलारते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के साथ उनका संवाद सहज और अपनत्व से भरा रहा। मुख्यमंत्री की इस अप्रत्याशित मुलाकात से विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दो पदोन्नत पुलिस अधिकारियों को लगाए बैच
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंडला प्रवास के दौरान पदोन्नत हुए जिले के दो पुलिस अधिकारियों को बैच लगाकर सम्मानित किया। डीएसपी पद पर पदस्थ रहे सतीश चतुर्वेदी और पीएस वालरे को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर पदोन्नत होने पर मुख्यमंत्री ने बधाई दी और उनकी वर्दी पर बैच लगाए। इस अवसर पर जबलपुर संभाग के कमिश्नर धनंजय सिंह, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को सम्मानित किए जाने पर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर को मुख्यमंत्री मोहन यादव की सौगात, बरमान घाट पर बनेगा मां नर्मदा रिवर फ्रंट, नए कॉरिडोर का भी किया ऐलान























