Umaria News : प्रेमिका से इंस्टाग्राम पर चैट की तो रील बनाने के बहाने दोस्त को जंगल ले गए, हाथ-पैर बांधकर कर दी हत्या

उमरिया। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर बातचीत को लेकर उपजे विवाद में दो अपचारी बालकों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले उसे 'किडनैपिंग रील' बनाने का झांसा देकर जंगल में बुलाया, फिर उसके हाथ-पैर और मुंह बांधकर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले में दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल जब्त किए हैं।
ये भी पढ़ें: Deepika Nagar Death Case: दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप, चाचा ससुर समेत 3 गिरफ्तार
16 मई से लापता था नाबालिग
पुलिस के मुताबिक मानपुर निवासी पीडी प्रभाकर ने 16 मई को अपने नाबालिग भतीजे के लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान 17 मई को मानपुर के पास सागौन के जंगल में नाबालिग का शव बरामद हुआ। शव पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात में शामिल बालक दोस्त थे
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और वारदात में शामिल दोनों अपचारी बालक आपस में दोस्त थे। पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपियों में से एक की प्रेमिका से मृतक इंस्टाग्राम पर चैट करने लगा था। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था।
ये भी पढ़ें: देपालपुर-इंदौर रोड पर दर्दनाक हादसा : परीक्षा देने जा रहे युवक की मौत, अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर
इस तरह ले गए जंगल में
दो दोस्तों ने अपने तीसरे दोस्त (मृतक) को इंस्टाग्राम रील बनाने के बहाने जंगल में बुलाया। वहां किडनैपिंग सीन शूट करने की बात कहकर उसके हाथ-पैर और मुंह कपड़े एवं टेप से बांध दिए। इसके बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव जंगल में छोड़कर फरार हो गए। मानपुर थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। दोनों अपचारी बालकों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया।












