Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Deepika Nagar Death Case:दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप, चाचा ससुर समेत 3 गिरफ्तार

दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में फॉर्च्यूनर और गहनों की मांग के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने इन आरोपों के बाद पति, ससुर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप, चाचा ससुर समेत 3 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। 17 मई की देर रात ससुराल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद दीपिका की मौत हो गई। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक नागर, ससुर मनोज नागर और चचिया ससुर विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि परिवार के अन्य सदस्य फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना का आरोप

मृतका के पिता संजय नागर का आरोप है कि शादी तय करते समय लड़के वालों ने किसी भी तरह की दहेज मांग से इनकार किया था। उनका कहना है कि उन्होंने सिर्फ बेटी की इच्छा जताई थी लेकिन शादी से पहले सोने के गहनों की लंबी सूची भेजी गई और रिश्तेदारों के जरिए फॉर्च्यूनर कार की मांग के संकेत दिए गए। परिवार के मुताबिक दीपिका की शादी दिसंबर 2024 में ऋतिक नागर से हुई थी। शादी में करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए गए थे जिसमें फॉर्च्यूनर कार भी शामिल थी। इसके बावजूद शादी के बाद लगातार अतिरिक्त दहेज के लिए दबाव बनाया जाता रहा।

हर त्योहार पर गहनों की मांग होती थी

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद दीपिका पर सास, ननद और अन्य रिश्तेदारों के लिए गहने और महंगे सामान लाने का दबाव बनाया जाता था। बताया गया कि पिछले महीने ही दीपिका ने अपनी सास की मांग पूरी करने के लिए 30 हजार रुपए की पायल खरीदी थी। परिवार का कहना है कि शादी के कुछ ही महीनों बाद से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।

ये भी पढ़ें: Deepika Nagar Case Noida : कान से खून, पेट में घाव...ऐसी है दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट

गृह प्रवेश कार्यक्रम में दिखी थी परेशान

दीपिका की मौसी बैजू नागर ने बताया कि 13 मई को आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान दीपिका काफी उदास नजर आई थी। जब परिवार ने उससे बात की तो उसने बताया कि उसे लगभग रोज ताने सुनने पड़ते हैं और लगातार दबाव बनाया जाता है। परिजनों ने उसे समझाकर धैर्य रखने की सलाह दी थी लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ दिन बाद उसकी मौत हो जाएगी।

घटना वाली रात क्या हुआ?

परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक 17 मई की रात अचानक तेज आवाज सुनाई दी। पड़ोसी गुलजार चौधरी बाहर पहुंचे तो दीपिका घर के बाहर जमीन पर पड़ी मिली। उन्होंने बताया कि पति ऋतिक नीचे भागता हुआ आया और दोनों उसे अस्पताल लेकर गए लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बाद में उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के पहलुओं को आधार बनाकर कार्रवाई की जा रही है। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: सुसाइड या साजिश की गुत्थी पर आज कोर्ट में होगी सुनवाई, क्या फिर होगा पोस्टमार्टम?

परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग

मायके पक्ष का आरोप है कि दीपिका लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी और परिवार ने कई बार समझौते की कोशिश भी की थी। परिजनों ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts