कानपुर में ट्रेन पलटाने की साजिश, रेलवे ट्रैक पर मिला गैस सिलेंडर, लोको पायलट की सूझबूझ टाला हादसा

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर ट्रेन पलटाने की साजिश की गई। महाराजपुर थाना क्षेत्र में प्रेमपुर रेलवे स्टेशन के पास रेल की पटरी पर रविवार सुबह एक गैस सिलेंडर मिला, जिसके बाद लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी। इसके बारे में अधिकारियों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और रेलवे अधिकारी और खुफिया एजेंसी के जवान मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। हालांकि इससे रेल संचालन पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। लोको पायलट की सूझबूझ और सजगता के चलते एक हादसा होने से बच गया।
सिलेंडर के अलावा बीयर की कैन भी मिली
कानपुर में जिस जगह रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर मिला है, वो दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर महाराजपुर के प्रेमपुर रेलवे स्टेशन के पास है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गैस का खाली सिलेंडर के अलावा बीयर की कैन भी मिली है, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। इसी तरह कुछ दिन पहले कानपुर-कासगंज रेलवे रूट पर पटरियों के बीच गैस सिलेंडर रखकर ट्रेन को पलटने की कोशिश की गई थी। दोनों मामलों की जांच चल रही है। करीब एक महीने के अंदर यह तीसरी घटना है।
कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी मालगाड़ी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मालगाड़ी के लोको-पायलट द्वारा आपातकालीन ब्रेक लगाने के बाद रविवार सुबह एक और ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश नाकाम हो गई। अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब मालगाड़ी कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी। लगभग एक महीने के भीतर यह तीसरी घटना है, जब रेल सेवा को बाधित करने की कोशिश की गई है। रविवार को जारी एक बयान में कहा गया कि आज सुबह लगभग 8 बजकर 10 मिनट पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पुलिस ने सूचना दी कि प्रेमपुर स्टेशन से इलाहाबाद की तरफ जाने वाले रेलवे मार्ग पर लाल रंग का एक सिलेंडर पटरी पर रखा हुआ है। इस सूचना पर स्थानीय पुलिस ने तत्काल प्रेमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। यह पाया गया कि लाल रंग का खाली सिलेंडर पटरी पर रखा हुआ था।





















